NSA अजीत डोभाल ने अपने रूसी समकक्ष के साथ की बैठक, अफगानिस्तान समेत कई मुद्दों पर चर्चा
नई दिल्ली, 8 सितंबर: अफगानिस्तान के हालात को लेकर भारत और रूस के बीच बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। जिसमें भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और उनके रूसी समकक्ष निकोलाई पेत्रुशेव मौजूद रहे। इस बैठक में विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधिओं को भी शामिल किया गया था। पेत्रुशेव इन दिनों दिल्ली के दौरे पर हैं, उन्होंने बुधवार को पीएम मोदी से भी मुलाकात की थी।

जानकारी के मुताबिक एनएसए डोभाल और उनके रूसी समकक्ष ने जैश-ए-मुहम्मद (जेएम) और लश्कर-ए-तैयबा समेत कई खूंखार आतंकी संगठनों के भारत, रूस और मध्य एशियाई क्षेत्र में प्रभावों की चर्चा की। साथ ही दोनों ने इन आतंकी संगठनों की अफगानिस्तान में मौजूदगी पर भी चिंता जताई। इसके अलावा दोनों देशों ने आतंकवाद विरोधी ट्रैक पर बातचीत को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। इस बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी का भी मुद्दा उठा।
इससे पहले 24 अगस्त को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम मोदी के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान अफगानिस्तान में सैन्य, राजनीतिक और सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। साथ ही दोनों पक्ष बहुपक्षीय प्रारूप में अफगान मुद्दे पर समन्वय के लिए सहमत हुए।
नई सरकार का ऐलान
वहीं मंगलवार को तालिबान ने अफगानिस्तान में नई सरकार का ऐलान कर दिया था। जिसमें मुल्ला हसन अखुंद तालिबान सरकार में सुप्रीम लीडर यानी हेड ऑफ स्टेट बने, जबकि अब्दुल गनी बरादर डिप्टी पीएम की जिम्मेदारी संभालेंगे। तालिबानी प्रवक्ता के मुताबिक ये सिर्फ कार्यवाहक सरकार है।












Click it and Unblock the Notifications