कोलकाता में अमित शाह को रैली करने की हाई कोर्ट ने इजाजत दी
कोलकाता। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को कोलकाता में 30 नवंबर में होने वाली रैली को हाई कोर्ट ने हरी झंड़ी दे दी है। इससे पहले भाजपा के रैली के आवेदन को कोलकाता पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देकर इजाजत देने से मना कर दिया था। हालांकि बावजूद इसके अमित शाह ने रैली करने का ऐलान किया था।

अमित शाह 30 नवंबर को विक्टोरिया हाउस के सामने विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कोलकाता पुलिस ने जब रैली करने की इजाजत देने से मना कर दिया था तो भाजपा ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था जिसे बाद में हाई कोर्ट ने हरी झंडी दे दी।
गौरतलब है कि भाजपा के आवेदन पर नगर निगम के मेयर शोभन चटर्जी ने यह कहा था कि आवेदन पत्र में कई त्रुटियां हैं। साथ ही प्रस्तावित मंच कहां बनेगा, इसका भी स्पष्ट उल्लेख नहीं है। निगम के अभियंताओं की टीम की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर सभा की अनुमति नहीं दी गई थी।
वहीं भाजपा ने नगर निगम पर आरोप लगाया था कि टीएमसी रैली को लेकर राजनीति कर रही है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राहुल सिन्हा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इशारे पर निगम और दमकल विभाग ने सभा की अनुमति नहीं दी है।












Click it and Unblock the Notifications