Pune Helicopter crash: भारी बारिश के बीच पुणे में हेलीकॉप्टर क्रैश, 4 लोग थे सवार
Pune Helicopter Crash: महाराष्ट्र के पुणे में भारी बारिश के बीच एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। निजी हेलीकॉप्टर मुंबई से हैदराबाद जा रहा था, जो पुणे में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में कुल चार यात्री सवार थे।
जानकारी के मुबातिक हादसा पुणे जिले के पौड गांव में हुआ। हेलीकॉप्टर का स्वामित्व एक निजी विमानन कंपनी के पास है। हादसे के फौरन बाद बचाव काम शुरू कर दिया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान हादसा खराब मौसम के चलते हुआ है।

हैदराबाद जा रहा था हेलीकॉप्टर
AW139 नाम का यह हेलीकॉप्टर मुंबई के जुहू से उड़ान भरकर हैदराबाद जा रहा था, तभी पौड इलाके में यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में कैप्टन आनंद घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है।
हादसे में कैप्टन घायल
इस हेलीकॉप्टर का संचालन ग्लोबल वेक्टरा हेलीकॉर्प द्वारा किया जा रहा था। एसपी पंकज देशमुख पुणे ग्रामीण पुलिस ने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार 4 लोगों में से कैप्टन घायल हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी तीन लोगों की हालत स्थिर है।
कंट्रोल खो बैठा था हेलीकॉप्टर
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर AW 139 अचानक मौसम खराब होने से डगमगाने लगा। जिसके बाद कैप्टन ने उसे कंट्रोल करने की कोशिश की, लेकिन काफी कोशिश करने के बाद भी वो नियंत्रित नहीं हो पाया। जिसके बाद हादसे का शिकार हो गया। हेलीकॉप्टर कैप्टन आनंद चला रहे थे। उनके अलावा उसमें दीर भाटिया, अमरदीप सिंह और एसपी राम तीन अन्य लोग सवार थे।
इससे पहले मई में शिवसेना की उपनेता सुषमा अंधारे को लेने के लिए उड़ान भरने वाला एक निजी हेलीकॉप्टर अचानक लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर का पायलट दुर्घटना से पहले कूदने में सफल रहा और बच गया।












Click it and Unblock the Notifications