हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश ने मचाई तबाही, भूस्खलन के चलते 259 सड़कें बंद, बिजली-पानी सप्लाई हुई बाधित
Uttarakhand and Himachal Pradesh weather: उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश में कई लोगों के घर गिर गए हैं और कई जगहों पर भूस्खलन के कारण भारी नुकसान हुआ है। उत्तराखंड के मौसम विभाग ने उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल समेत 9 जिलों में सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के अलर्ट के चलते सभी सरकारी, निजी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद कर दिया गया है। अलर्ट के चलते प्रशासन और आम जनता दोनों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद मौसम विभाग (IMD) ने भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। राज्य के 22 चिह्नित भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में से 18 के लिए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है।

हिमाचल में भूस्खलन के चलते बंदकी गई 259 सड़कें, फंसी गाडि़यां
फ्लैश फ्लड और भूस्खलन के कारण हुए मलबे के जमाव और लगातार बारिश के कारण होने वाले भू-कटाव के चलते राज्य में लगभग 259 सड़कों को बंद कर दिया गया है। इससे कई दूर-दराज के इलाके शेष राज्य से कट गए हैं और लोगों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। चारपाहिया वाहनों की लंबी कतारें सड़कों पर नजर आ रही हैं।
सड़कों पर लगा लंबा जाम, रेल मार्ग भी हुआ प्रभावित
शिमला-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग (एसएच-5) पर कोटी के पास भारी भूस्खलन हुआ, जिसके कारण सड़क पर मलबा जमा हो गया और कई घंटों तक लंबा जाम लग गया। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी असुविधा हुई। भारी बारिश की वजह से राज्य में केवल सड़क मार्ग ही नहीं, बल्कि रेल मार्ग भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। शिमला-कालका रेल लाइन पर पेड़ गिरने और मलबे के जमा होने के कारण रेल सेवाएं कई घंटों तक बाधित रहीं।
बिजली और जल आपूर्ति हुई बाधित
वहीं लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के लगभग 130 इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ ही पूरे राज्य में जलापूर्ति बाधित होने के कारण पीने के पानी की भी किल्लत हो रही है।
डूबने से 2 की मौत, ढह गई इमारत
हिमाचल राज्य में पिछले 24 घंटों में तीन लोगों की मौत हुई है,बरसात के सीजन में अब तक कुल 20 लोगों की जान जा चुकी है। बिलासपुर और ऊना में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीसरी मौत शिमला में ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है। वहीं शिमला के भट्टा कोफर इलाके में कथित तौर पर फोर लेन सड़क निर्माण के कारण एक पांच मंजिला इमारत ढह गई।
उत्तरकाशी में भारी बारिश
उत्तरकाशी के गंगोत्री और यमुनोत्री समेत सभी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते गंगा और यमुना समेत सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। चमोली जिले में मौसम विभाग के अलर्ट के बाद सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। चकराता क्षेत्र में चार ग्रामीण मार्ग भी बंद हो गए हैं। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया है और नदी-नाले उफान पर हैं। ऋषिकेश में भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नेताला, नलूणा, लालडांग के पास भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की मशीनें मार्ग खोलने में जुटी हैं। यमुनोत्री राजमार्ग पिछले 28 घंटों से बंद है।












Click it and Unblock the Notifications