भारी बारिश से कर्नाटक, केरल में जनजीवन अस्त-व्यस्त, यूपी का भी बुरा हाल, प्रयागराज में हजारों घर डूबे
नई दिल्ली, 31 अगस्त। देश के कई राज्य इस समय बाढ़ जैसे हालात का सामना कर रहे हैं। मानसू की बारिश की वजह से कई शहरोंमें जलभराव है, लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दक्षिण के राज्यों की बात करें तो कर्नाटक और केरल में भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव है। वहीं उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश और जलभराव से लाखों लोग प्रभावित हैं। रिपोर्ट के अनुसार यूपी में 22जिलों में 1000 से अधिक गांव के तकरीबन 2.4 लाख लोग जलभराव से प्रभावित हैं।

भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। जबकि कर्नाटक में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पहले ही तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई थी। केरल में मंगलवार को कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिली। इसकी वजह से जलभराव ने लोगों का सामान्य जीवन बुरी तरह से प्रभावित किया है। शिक्षण संस्थानों को प्रभावित इलाकों में बंद कर दिया गया है। इन इलाकों में रहने वालों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। प्रभावित इलाकों के डीएम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।

केरल के कई जिलों में जलभराव
जिन इलाकों में जलभराव है उन इलाकों को खाली कराने के भी प्रशासन इंतजाम कर रहा है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अगले दो दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। कोच्चि, अलप्पुजा, पथानपिट्ठा, एर्नाकुलम, कोट्टयम जिलों में कई जगहों पर जलभराव देखने को मिल रहा है। जिससे लोगों का जीवन बहुत मुश्किलभरा हो गया है। कुट्टानंद में जलस्तर काफी बढ़ गया है। नदियां कई जगहों पर खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं।

कर्नाटक में यलो अलर्ट
भारी बारिश के चलते कर्नाटक के कई इलाकों में यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। बेंगलुरू में मंगलवार को कर्नाटक सरकार ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी थी। बेंगलुरू में भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव है, कई पेड़ सोमवार को टूटकर गिर गए। कर्नाटक सरकार के आंकड़े के अनुसार 7647.13 करोड़ रुपए का नुकसान भारी बारिश की वजह से हुआ है। प्रदेश ने केंद्र के पास 1012.5 करोड़ की आर्थिक मदद की अपील की है। राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा कि भारी बारिश के चलते जून माह से अबतक 96 लोगों की जान जा चुकी है, तीन अभी लापता हैं। पिछले 24 घंटों में तीन लोगों की मौत हुई है।

यूपी का भी बुरा हाल
वहीं उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां भी हालात काफी गंभीर हैं। यहां 22 जिलों में बाढ़ से तकरीबन ढाई लाख लोग प्रभावित हैं। अधिकारियों के अनुसार 1079 गांव भारी बारिश से प्रभावित हैं, 153 का संपर्क कट गया है। बाढ़ के हालात को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 26 टीमों को इन बाढ़ प्रभावित इलाकों में भेज दिया गया है। इन लोगों को फूट पैकेट मुहैया कराए जा रहे हैं। बनारस, प्रयागराज में भारी बारिश के चलते कई घाट डूब गए हैं। प्रयागराज में हजारो घर, संगम स्थल पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications