कई राज्यों में 30 अप्रैल तक भारी बारिश की आशंका, IMD ने दिया बड़ा अपडेट
नई दिल्ली, 27 अप्रैल। कोरोना संकट से जूझ रहे भारत के लिए राहत की खबर मौसम विभाग लेकर आया है। आईएमडी ने कहा है कि देश के कई राज्यों में अब मौसम पलटी मारने वाला है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के चलते 30 अप्रैल तक अब देश में आंधी-पानी का दौर देखने को मिलेगा। विभाग के मुताबिक तेलंगाना, केरल और पुडुचेरी में अब 30 अप्रैल तक पानी के आसार हैं और इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
Recommended Video

गुजरात, राजस्थान और ओडिशा में लू का दौर
जबकि गुजरात, राजस्थान और ओडिशा में बारिश का नहीं बल्कि लू का दौर चलने वाला है। आईएमडी के मुताबिक आज उत्तराखंड, असम, मेघालय, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना, केरल और पुडुचेरी में भारी बारिश की आशंका है और इस कारण उसने यहां अलर्ट जारी किया हुआ है। गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी बारिश होने की आशंका है और इस दौरान तेज हवाएं और ओलावृष्टि संभव है। जबकि बीते 24 घंटों के दौरान एमपी, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई है।

चक्रवाती संचलन सक्रिय
जबकि स्काईमेट के मुताबिक इस वक्त कश्मीर के पास एक चक्रवाती संचलन सक्रिय है, जिसका असर कश्मीर और उससे सटे राज्यों पर हो रहा है और इस कारण भारत के कई राज्यों में मेघों के बरसने के आसार बने हुए हैं।
जोरदार बारिश के आसार
विभाग ने कहा है कि दिल्ली, हिमाचल, कश्मीर, उत्तराखंड, एमपी, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में भी जोरदार बारिश के आसार हैं। मौसम में ये बदलाव केवल अप्रैल के अंतिम हफ्तों तक जारी रहेगा हालांकि इसके बाद एकदम से तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।

दिल्ली का भी बदलेगा मिजाज
दिल्ली में पारा अगले दो दिनों में 35 डिग्री के आस-पास जा सकता है। यहां दिन के तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। गर्मी बढ़ने के साथ-साथ राजधानी में प्रदूषण भी बढ़ सकता है, इसलिए लोगो कों एहतियात बरतने की जरूरत है। हालांकि आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार-शनिवार को एक बार फिर से राजधानी के मौसम में तब्दीली हो सकती है, यहां बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications