Heatwave in Delhi: बस 2 दिन और भीषण गर्मी, दिल्ली-एनसीआर में इस दिन से होगी झमाझम बारिश
Delhi weather: दिल्ली में जल्द ही मौसम बदलने वाला है। 17 अप्रैल से वहां पर तापमान कम होगा और 18 तारीख से बारिश हो सकती है।

उत्तर भारत में गर्मी का कहर शुरू हो गया है, जहां कई राज्यों में लू चल रही। दिल्ली और उसके आसपास के इलाके भी गर्मी से बुरी तरह प्रभावित हैं। हालांकि अब वहां के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है।
मामले में आईएमडी वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने कहा कि दिल्ली, आगरा और मेरठ और हरियाणा में आज (शनिवार) लू चलने की संभावना है। एक दो दिन इसका असर रहेगा। इसके बाद 17 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली के तापमान में कमी आने की संभावना है।
डॉ. रॉय के मुताबिक 18-19 अप्रैल को दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में फिर से गरज के साथ छींटे पड़ने और बारिश होने की संभावना है, जबकि मध्य भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर कर्नाटक) में आज (शनिवार) तूफान आ सकता है।
दिल्ली में पारा 40 के पार
दिल्ली वालों के लिए शनिवार का दिन मुश्किलों भरा रहा, जहां सुबह 9 बजे से ही कड़ी धूप देखने को मिली। इसके बाद पारा 40 डिग्री के पार पहुंचा। मौसम विभाग के मुताबिक अक्षरधाम इलाके में तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि शुक्रवार को ये 39 डिग्री के आसपास था।
कूलर-एसी की बिक्री बढ़ी
अप्रैल की शुरुआत में ही भीषण गर्मी की आशंका जताई गई थी, लेकिन बारिश की वजह से आधा महीना आराम से बीत गया। अब गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जिस वजह से बाजार में कूलर और एसी की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है।
प्रदूषण का कहर भी बढ़ा
वहीं दूसरी ओर दिल्ली में प्रदूषण फिर से बढ़ गया है। मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (सफर) के मुताबिक दिल्ली में शनिवार सुबह समग्र वायुस गुणवत्ता सूचकांक 280 दर्ज किया गया, जिसे काफी खराब माना जाता है। हालांकि दिल्ली सरकार ने दावा किया है कि वो गर्मी के मौसम में प्रदूषण से निपटने के उपाय कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications