एचडी कुमारस्वामी की मोदी सरकार से मांग, अमीरों पर लगाया जाए कोरोना टैक्स
नई दिल्ली। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि सरकार बहुत अमीर लोगों पर कोविड सेस लगाए। अमीरों से सेस (उपकर) के तौर पर वसूले गए पैसे का इस्तेमाल कोरोना के खिलाफ लड़ाई में लगाया जाए। वहीं इससे अर्थव्यवस्था को भी उबारने में मदद मिलेगी। जनता दल (सेक्युलर) नेता ने सोमवार को ये बात कही है।

कुमारस्वामी ने ट्वीट कर लिखा, अर्थव्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है और ये जल्दी से पटरी पर लौटती नहीं दिख रही है। ऐसे में कॉस्ट ऑफ लिविंग के लिए लागत कम करना महत्वपूर्ण है क्योंकि लोगों के पास पैसा नहीं है। सरकार को पेट्रोल/डीजल की कीमतों में कटौती करनी चाहिए। साथ ही बड़े अमीरों पर पर COVID उपकर लगाया जाना चाहिए। जिससे राजस्व के नुकसान को थोड़ा संभाला जा सकता है।
कुमारस्वामी ने कहा है कि इस समय बहुत जरूरत है कि सरकार लोगों की आजीविका को बचाने के लिए योजनाओं की घोषणा करे। खासतौर से असंगठित क्षेत्र के लोगों के लिए। सरकार को किसानों, निर्माण श्रमिकों, कैब और ऑटो चालकों, कपड़ा श्रमिकों, आदि को तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरबीआई और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक आकलन एजेंसियों के अनुसार, देश की जीडीपी वृद्धि दर बेहद कम हो सकती है। ऐसी विकट स्थिति में ईएमआई, किराए, स्कूल की फीस और दूसरे कर्ज माफ किए जाने चाहिए।
बता दें कि राजस्व सेवा के 50 अधिकारियों ने हाल ही में अमीर लोगों पर कोविड-19 सेस और वेल्थ टैक्स लगाने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि केंद्र सरकार ने टैक्स बढ़ाने के राजस्व सेवा के अधिकारियों के एक समूह के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। सरकार ने इस रिपोर्ट को जारी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू करने का भी आदेश दिया है। दरअसल, देश में बीते एक महीने से ज्यादा समय से लॉकडाउन के चलते अर्थव्यवस्था की स्थिति बिगड़ी हुई है। कई एजेंसियों ने जीडीपी के बहुत कम हो जाने की बात कही है और करोड़ों लोगों की नौकरियां जाने का अनुमान लगाया है।।












Click it and Unblock the Notifications