हाथरस पर राजनीति: सीएम योगी बोले- जिसे विकास अच्छा नहीं लग रहा वो दंगे भड़काना चाहते हैं
नई दिल्ली- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस की घटना पर हो रही राजनीति के खिलाफ जोरदार हमला बोला है। उनका आरोप है कि जिन लोगों से राज्य का विकास नहीं देखा जा रहा है, वही लोग प्रदेश में दंगे भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। क्योंकि, इसकी आड़ में उन्हें राजनीतिक रोटियां सेंकने का मौका मिल सकता है। गौरतलब है कि हाथरस में 19 साल की एक युवती के साथ 'गैंगरेप' और हत्या की घटना से प्रदेश की राजनीति में भूचाल आया हुआ है और योगी आदित्यनाथ की सरकार विपक्ष के निशाने पर है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस की घटना को लेकर रविवार को इशारों-इशारों में विपक्ष पर बहुत बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है, "जिसे विकास अच्छा नहीं लग रहा, वे लोग देश में भी और प्रदेश में भी जातीय दंगा भड़काना चाहते हैं, सांप्रदायिक दंगा भड़काना चाहते हैं। इस दंगे की आड़ में विकास रुकेगा। इस दंगे की आड़ में उन्हें रोटियां सेंकने का अवसर मिलेगा। इसलिए वे नित्य नए-नए षड़यंत्र करते रहते हैं; और इन सभी षड़यंत्रों के प्रति पूरी तरह आगाह होते हुए हमें इस विकास की प्रक्रिया को तेजी के साथ आगे बढ़ाना है।"
गौरतलब है कि यूपी के हाथरस में 19 साल की एक दलित युवती के साथ 'गैंगरेप' और हत्या के मामले को लेकर सियासी बवाल मचा हुआ है। विपक्ष लगातार यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साध रहा है। शनिवार को सीएम इस घटना की सीबीआई जांच की भी सिफारिश कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद ये मामला शांत नहीं हो रहा है। तब जाकर शुक्रवार को उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लिया है।
गौरतलब है कि हाथरस की घटना को लेकर यूपी पुलिस पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। खासकर जिस तरह से पीड़िता के शव को परिजनों को भरोसे में लिए बिना जबरन दाह संस्कार के आरोप लग रहे हैं, वह बहुत ही गंभीर है। दो दिनों के प्रयास के बाद शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा पीड़िता के परिजनों से मिल चुके हैं। रविवार को भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर ने भी परिवार वालों से मुलाकात की है। वहीं इस घटना को लेकर बसपा, सपा और रालोद जैसी पार्टिया भी लगातार योगी सरकार पर हमलावर हैं।












Click it and Unblock the Notifications