लाखों की कार, करोड़ों का लग्जरी आश्रम... स्वयंभू भोले बाबा ने दो दशकों में बनाई 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति!
Bhole Baba Net Worth: उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ की त्रासदी में 121 लोगों की जान चली गई। इस हादसे ने भोले बाबा उर्फ सूरज पाल उर्फ नारायण साकार हरि को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया है। लोगों की भीड़ इसी स्वयंभू बाबा के सत्संग में पहुंची थी। भोले बाबा का चरण रज (पैरों की धूल) लेने के चक्कर में भगदड़ मची और कई घरों के चिराग बुझ गए।
स्वयंभू भोले बाबा का दामन इस घटना के पहले से दागदार रहा है। 2000 में एक 16 साल की लड़की का शव उसके परिवार की मर्जी के खिलाफ ले लिया, यह दावा करते हुए कि वह उसे वापस जीवित कर देगा। इस मामले में आगरा पुलिस ने बाबा को गिरफ्तार भी किया था। हालांकि, बाद में मामला बंद कर दिया गया। धर्मगुरु बनने से पहले नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा एक कांस्टेबल के रूप में काम करता था।

भोले बाबा और नारायण हरि साकार के रूप में कई अनुयायियों द्वारा पूजे जाने वाले 'स्वयंभू भगवान' सूरज पाल ने पिछले दो दशकों में 100 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है।
भोले बाबा, जो इस हादसे के बाद से फरार है, अपने अनुयायियों के लिए एक मसीहा था। भोले बाबा के अनुयायियों का मानना था कि उनके मंत्र आत्माओं को दूर कर देंगे और घरेलू विवादों को रोक देंगे। बाबा के भक्तों का विश्वास ऐसा था कि जब अस्पताल के गलियारों में शवों के ढेर लगे थे और रिश्तेदारों की चीख पुकार गूंज रही थी, तब उसके स्वागत के लिए मैनपुरी में स्थित बाबा के आश्रम में भोले बाबा के स्वागत में फूल बरसाए जा रहे थे।
भोले बाबा के पास कितनी संपत्ती है?
महल जैसा दिखने वाला बाबा का "पांच सितारा" आश्रम उसकी संपत्ति के पहाड़ की शिखर मात्र है। जिस जमीन पर इस आश्रम को बनाया गया है उसकी कीमत 4 करोड़ रुपये है।
सूत्रों से पता चला है कि बाबा के एक गार्ड ने मैनपुरी की जमीन उनके ट्रस्ट को दे दी थी। जिस घर में वे रहते थे, वह आश्रम के अंदर था और वहां जाने के लिए गार्ड के क्वार्टर से होकर गुजरना पड़ता था। इसके अलावा, उन्होंने आश्रम से सटी करीब 50 बीघा जमीन भी लीज पर ले रखी है। भोले बाबा के ट्रस्ट के पास कासगंज, आगरा, कानपुर और ग्वालियर में आश्रम और सैकड़ों एकड़ जमीन भी है।
भोले बाबा ने 1999 में अपनी आध्यात्मिक यात्रा शुरू करने के लिए कांस्टेबल की नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। वो लग्जरी वाली वस्तुओं का शौकीन है। उनके पास महंगी कारों का एक कलेक्शन है, जिसके बारे में कहा जाता है कि बाबा ने अपने अनुयायियों के नाम से इसे खरीदा है। रिपोर्ट्स के अनुसार भोले बाबा के पास कम से कम 25 से 30 लग्जरी गाड़ियां हैं।
बाबा के एक आश्रम में लगे बोर्ड पर लिखा है कि "स्वयंभू बाबा कोई दान स्वीकार नहीं करता।" हालांकि, आश्रम की दीवारों पर दानदाताओं के नाम लिखे होने से यह दावा गलत साबित होता है। इन दानों में 100 बोरी सीमेंट, वाहन और आश्रम निर्माण के लिए नकद योगदान जैसी चीजें शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications