हरियाणा: कश्मीरी छात्रों को पीटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 की हुई पहचान
महबूबा ने हरियाणा के सीएम को टैग कर ट्वीट किया, 'हरियाणा के महेंद्रगढ़ में कश्मीरी छात्रों की पिटाई खबर सुनकर बेहद सदमे में हूं
नई दिल्ली। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में केंद्रीय विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे कश्मीरी छात्रों की पिटाई मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है वहीं तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की है। हरियाणा पुलिस ने कहा है कि तीन अन्य आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महेंद्रगढ़ के एसपी कमलदीप ने कहा है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।

पिटाई में छात्र को काफी चोट आई हैं
घटना के वक़्त पीड़ित छात्र जावेद इकबाल जुम्मे की नमाज पढ़ने गया था। पिटाई में छात्र को काफी चोट आई हैं। जावेद ने ट्वीट कर इसकी शिकायत जम्मू-कश्मीर के सीएम महबूबा मुफ़्ती, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और जम्मू-कश्मीर पुलिस से की थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के डीजीपी ने हरियाणा के डीजीपी से बात की। जम्मू कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ़्ती ने ट्वीट कर दोषियों के ख़िलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

'कश्मीरी छात्रों की पिटाई खबर सुनकर बेहद सदमे में हूं'
महबूबा ने हरियाणा के सीएम को टैग कर ट्वीट किया, 'हरियाणा के महेंद्रगढ़ में कश्मीरी छात्रों की पिटाई खबर सुनकर बेहद सदमे में हूं। मैं प्रशासन से अनुरोध करूंगी कि वह इस मामले की जांच करे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।' उधर, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और नैशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। इस पूरे मामले में हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

ट्विटर पर हमले में घायल होने की तस्वीरों को भी साझा किया
पीड़ित जावेद इकबाल जगल ने कहा था 'हम हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्याल के छात्र हैं और शुक्रवार को जुमा की नमाज पढ़ने के लिए कैंपस से बाहर गए थे, तभी कुछ लोगों ने हमारी पिटाई शुरू कर दी।' इकबाल ने ट्विटर पर हमले में घायल होने की तस्वीरों को भी साझा किया है।












Click it and Unblock the Notifications