राम रहीम को भगाने की साजिश रचने वाले तीन पुलिसकर्मी गिरफ्तार
पंचकुला के पुलिस उपायुक्त मनबीर सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों को पंचकुला से गिरफ्तार किया गया, जहां उन्हें जांच में शामिल किया गया था।
नई दिल्ली। हरियाणा पुलिस ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को भागने में मदद की साजिश रचने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों पुलिसकर्मी डेरा प्रमुख को सीबीआई अदालत में पेश किये जाने के दौरान सुरक्षा प्रबंध में शामिल थे। गिरफ्तार पुलिसकर्मी में दो हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल शामिल हैं।

पंचकुला के पुलिस उपायुक्त मनबीर सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों को पंचकुला से गिरफ्तार किया गया, जहां उन्हें जांच में शामिल किया गया था। डीसीपी ने बताया कि हेड कांस्टेबल अमित, हेड कांस्टेबल राजेश और कांस्टेबल राजेश को गुरुवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
हरियाणा पुलिस डेरा प्रमुख के सुरक्षा प्रबंध में शामिल पांच पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर चुकी है। इसके अलावा पंजाब पुलिस के भी तीन जवानों को गिरफ्तार किया गया है। आपको बता दें कि अदालत ने दो अनुयायियों के बलात्कार के मामले में राम रहीम को दोषी ठहराया था। राम रहीम फिलहाल जेल में बंद हैं।












Click it and Unblock the Notifications