'डबल मर्डर' के आरोपी Monu Manesar को समर्थन! 'हिंदू महापंचायत' कर राजस्थान पुलिस को धमकी, CBI जांच की मांग
'डबल मर्डर' के आरोपी मोनू मानेसर के समर्थन में हरियाणा के लोगों ने 'हिंदू महापंचायत' आयोजित की। इसमें राजस्थान पुलिस को मोनू को बिना ठोस सबूत के अरेस्ट न करने की चेतावनी दी गई। भिवानी मर्डर की CBI जांच की मांग की गई।

डबल मर्डर के आरोपी Monu Manesar के समर्थन में हरियाणा में हिंदू महापंचायत कर राजस्थान पुलिस को धमकी दी गई है। हरियाणा के भिवानी में बरामद नरकंकाल के मामले में मोनू मानेसर पर हत्या के आरोप लगे हैं। राजस्थान पुलिस को कार्रवाई करनी है, लेकिन अगर डबल मर्डर के आरोपी के समर्थन में बड़ी भीड़ जुटाकर पुलिस को गिरफ्तारी की कार्रवाई न करने की धमकी दी जाए तो इसे आप क्या कहेंगे?
भिवानी केस में सीबीआई जांच की मांग
दरअसल, हरियाणा में हिंदू महापंचायत का आयोजन कर मोनू मानेसर को हिंदू गौरव बताया गया। साथ ही राजस्थान पुलिस को मोनू की गिरफ्तारी से बचने को कहा गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक Nasir Junaid Murder Case हरियाणा और राजस्थान दोनों राज्यों से जुड़ा है। ऐसे में इस हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग हो रही है।
चार घंटे की महापंचायत, सैकड़ों लोगों का जमघट
हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग से अधिक चौंकाने वाली बात चार घंटे की हिंदू महापंचायत है। इसमें धमकी भरे अंदाज में राजस्थान पुलिस को वॉर्निंग दी गई। पंचायत की पोस्टर पर मोनू मानेसर को हिंदू गौरव बताया गया। मोनू मानेसर और उसकी टीम का समर्थन करने की बात भी कही गई। सोशल मीडिया पर वायर वीडियो में एक शख्स को पुलिसिया कार्रवाई पर टिप्पणी करते सुना जा सकता है। ट्विटर हैंडल- @Delhiite_ पर शेयर वीडियो में सैकड़ों लोगों का जमघट देखा जा सकता है।
महापंचायत के लोगों ने ट्रैफिक बाधित किया!
मानेसर के बाबा भीष्म मंदिर परिसर में मंगलवार को आयोजित चार घंटे की हिंदू महापंचायत के कारण हरियाणा में ट्रैफिक की परेशानी भी सामने आई। समाचार एजेंसी ANI ने दिल्ली-गुड़गांव नेशनल हाइवे की तस्वीरें जारी कर बताया कि ट्रैफिक में वाहनों की लंबी कतार देखी गई। रेंगती गाड़ियों के कारण आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। राजस्थान पुलिस की कार्रवाई से आक्रोशित हिंदू महापंचायत के लोगों ने जानबूझकर ट्रैफिक बाधित किया, ऐसी खबरें भी सामने आईं, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया है।

पुलिस पर गौ रक्षकों को फंसाने के आरोप
भिवानी डबल मर्डर मामले में क्विंट की एक रिपोर्ट में कहा गया, हिंदू महापंचायत में हत्या के आरोपी मोनू मानेसर व अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज मामले को गौ रक्षकों के खिलाफ 'षड्यंत्र' करार दिया गया। पंचायत में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और हिंदू संगठनों के साथ-साथ सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। राजस्थान पुलिस पर मनमानी करने और बिना ठोस सबूत और कारण के गौ रक्षकों को फंसाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए।
राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, कहा- गिरफ्तारी से पहले पंचायत को बताए पुलिस
पंचायत में एक समिति भी बनाई गई। इसके माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेटर लिखा गया। मानेसर के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (एसीपी) को एक ज्ञापन सौंपा गया। मोनू मानेसर के परिवार और अन्य गौ रक्षकों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की गई। कहा गया कि अगर राजस्थान पुलिस मोनू मानेसर के घर छापेमारी या दबिश करने पहुंचे तो गुरुग्राम पुलिस और हिंदू महापंचायत की समिति को जानकारी दी जाए। मोनू की गिरफ्तारी पर व्यापक विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है।
Recommended Video

एक और महापंचायत होगी
हिंदू महापंचायत से जुड़े सदस्यों के अनुसार भिवानी में नरकंकाल मिलने के मामले में मोनू मानेसर पर कथित झूठे आरोप की सीबीआई जांच की मांग के साथ बुधवार को हरियाणा के ही हथीन में भी महापंचायत का आयोजन प्रस्तावित है।
पुलिस ने बिना सबूत के केस दर्ज किया
गौरतलब है कि भिवानी में जली हुई बोलेरो में बरामद दो नरकंकाल को डबल मर्डर कहा जा रहा है। इस संबंध में इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में महापंचायत से जुड़े कुलभूषण भारद्वाज का बयान छपा। उन्होंने कहा, मोनू के खिलाफ झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई गई। कुलभूषण का दावा है कि मोनू और उसकी टीम ने पशु तस्करी पर रोक लगाने का काम किया है। माफिया के गठजोड़ को तोड़ दिया है। उन्होंने कहा, महापंचायत भिवानी मामले में सीबीआई जांच की मांग करती है। अभी बिना किसी सबूत के केस दर्ज किया गया है।
राजस्थान पुलिस पर अवैध छापेमारी के आरोप
डबल मर्डर के आरोपी मोनू के समर्थन में दलीलें पेश करते हुए कुलभूषण ने कहा, घटना के समय मोनू एक होटल में था। सीसीटीवी फुटेज शेयर किया गया है। पुलिस को हर एंगल से गहन पड़ताल करनी चाहिए, लेकिन राजस्थान पुलिस अवैध छापेमारी कर रही है। गोरक्षकों को परेशान किया जा रहा है।
पुलिस को खुलेआम दी गई धमकी
एक्सप्रेस की रिपोर्ट में गौ रक्षा दल की सदस्य नीलम का बयान भी प्रकाशित हुआ। हरियाणा की पटौदी तहसील से ताल्लुक रखने वाली नीलम ने मोनू मानेसर के समर्थन में खुली धमकी दी। उन्होंने कहा, अगर राजस्थान पुलिस गिरफ्तारी के लिए मानेसर में पैर रखेगी तो पुलिस अपने पैर पर नहीं लौट सकेगी। अगर मोनू अरेस्ट हुआ तो हाईवे जाम किया जाएगा। इतनी बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां देंगे कि जेल छोटी पड़ जाएगी।

गौरक्षकों का शस्त्र लाइसेंस रद्द करना गलत
जली हुई बोलेरो और आए दिन हिंसा की रिपोर्ट्स के बीच चिंता का संज्ञान लेते हुए गौरक्षकों के शस्त्र लाइसेंस रद्द करने पर मंथन किया जा रहा है। मानेसर निवासी ओम प्रकाश ने गौरक्षकों को सुरक्षा मुहैया कराने की डिमांड के साथ कहा, गौरक्षकों के शस्त्र लाइसेंस कैंसिल नहीं किए जाएं। एक्सप्रेस में छपे बयान के अनुसार ओम प्रकाश ने कहा, अपनी नाकामी छिपाने के लिए, सरकार और पुलिस ने गौ रक्षकों को शस्त्र लाइसेंस दिए। गौरक्षक हिन्दू धर्म और गौ माता की रक्षा कर रहे हैं, लेकिन पशु तस्करों की साठगांठ के कारण गौरक्षकों के शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की बात हो रही है, जो गलत है।

मोनू शेर का बच्चा है, अंडरग्राउंड नहीं
हिंदू महापंचायत के आयोजन और मोनू मानेसर को समर्थन पर एक्सप्रेस की रिपोर्ट में सुंदर सरपंच का बयान भी सामने आया। सरपंच ने भी मोनू को खुला समर्थन देते हुए कहा, मानेसर का मोनू पशु तस्करी खत्म करने की जीतोड़ कोशिशों में जुटा है। निःस्वार्थ भाव से दिन-रात काम कर रहे मोनू पर हमें गर्व होना चाहिए। उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा, 'मोनू अंडरग्राउंड' और पुलिस मोनू मानेसर को ढूंढ रही है, जैसी खबरें सामने आई हैं। मोनू से कनेक्शन का संकेत देते हुए सुंदर सरपंच ने कहा, 'मोनू शेर का बच्चा है, जब कहो ले आएंगे।"












Click it and Unblock the Notifications