हरियाणा: जबरन धर्म परिवर्तन रोकने के लिए विधेयक लाएगी खट्टर सरकार
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को कहा कि हरियाणा सरकार धार्मिक परिवर्तन के खिलाफ एक विधेयक लाएगी। कुछ क्षेत्रों में जबरन धर्म परिवर्तन के मामले सामने आए हैं, ऐसे में गलत तरीके से धर्म परिवर्तन करने के हथकंडे अपनाने वालों पर धर्म स्वतंत्रता अधिकार विधेयक पारित करते हुए विधेयक अनुसार दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। मनोहर लाल ने कहा कि गौकशी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए दोषियों के विरूद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई करने सहित धार्मिक संबंधित मामलों पर नजर रखने के लिए एक बोर्ड का गठन किया जाएगा।

खट्टर ने कहा कि एक मुद्दा जो कभी-कभी दो समुदायों के बीच विवाद और वैमनस्य पैदा करता है, जब कुछ लोग गोहत्या करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गोकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और दोषियों पर सख्त एवं जल्द कार्रवाई के लिए ऐसे सभी मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही अगर गोरक्षा के लिए सरकार की ओर से बनाए गए गो संरक्षण एवं गो संवर्धन कानून में संशोधन करने की आवश्यकता होती है तो उसका भी समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा समुदायों के बीच आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश, प्रदेश व समाज हम सभी का है इस बात को हमेशा याद रखने की जरूरत है। शरारती तत्वों द्वारा की गई किसी अप्रिय घटना के लिए पूरे समाज को कोसना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि हमेें सोशल मीडिया के प्रयोग के दौरान भी सतर्कता बरतनी चाहिए। सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक दृष्टिकोण से करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications