'पहलवानों का आंदोलन राजनीति से प्रेरित था', राहुल से मुलाकात के बाद पूर्व CM खट्टर का बड़ा दावा
Manohar Lal Khattar On Wrestlers Protest: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की सरगर्मी के बीच उस वक्त सियासी पारा हाई हो गया, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया की तस्वीर सामने आई। इससे पहले ही दोनों पहलवानों के कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
इसी कड़ी में अब हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की प्रतिक्रिया आई, उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात को पहलवान के आंदोलन से जुड़ते हुए दावा किया कि उसके पीछे राजनीतिक एजेंडा था।

'इसका मतलब है कि पूरा मामला राजनीतिक था'
मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री खट्टर ने कहा, " मुझे लगता है कि उस समय हमारे साथी खिलाड़ी राजनीतिक चक्रव्यूह में फंस गए थे। आज उसका पटाक्षेप हो रहा है, आज यह अपने चरम पर पहुंच रहा है, वही लोग कांग्रेस से टिकट के लिए गुहार लगा रहे हैं। इसका मतलब है कि पूरा मामला राजनीति से ओतप्रोत था।"
पहलवान आंदोलन का किया था नेतृत्व
बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट उन पहलवानों में शामिल हैं, जिन्होंने भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने शरण सिंह पर कई युवा जूनियर पहलवानों के शोषण का आरोप लगाया था।
कांग्रेस के टिकट पर चुनाव की तैयारी
इससे पहले दिन में राहुल गांधी ने फोगाट और पूनिया के साथ अपनी मुलाकात की एक तस्वीर साझा की, जिसके बाद अटकलें को पुख्ता बल मिल गया कि विनेश और बजरंग चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि मूल रूप से चरखी दादरी की रहने वाली विनेश फोगाट अपने गृह नगर से चुनाव लड़ने पर विचार कर सकती हैं। हालांकि, जींद जिले की जुलाना सीट उनके लिए ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकती है, क्योंकि वहां उनके पारिवारिक संबंध और प्रभाव हैं।
क्या दोनों बहनें होंगी आमने-सामने?
अगर भाजपा उनकी चचेरी बहन बबीता फोगाट को चरखी दादरी से मैदान में उतारती है, तो वहां दोनों चचेरे भाई-बहनों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है। अपनी मौजूदा लोकप्रियता को देखते हुए विनेश इस तरह के टकराव से बचना चाहेंगी।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस ने फोगाट को तीन और बजरंग पूनिया को 2 सीटें विकल्प के तौर पर बताई है।












Click it and Unblock the Notifications