Haryana: लोकसभा चुनाव हारने वाले कांग्रेस नेता ने किस दम पर किया असेंबली में सभी 90 सीटें जीतने का दावा?
Haryana Assembly elections News: कांग्रेस नेता राज बब्बर गुड़गांव लोकसभा सीट से चुनाव हार चुके हैं। लेकिन, उनका दावा है कि पार्टी इस साल होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनावों में राज्य की सभी 90 सीटें जीत सकती है।
राज बब्बर ने कहा है, 'पार्टी ने मुझसे कहा है कि तैयारियां शुरू कर दें। उन्होंने मुझसे कैंपेनिंग के लिए कहा है और मैं पूरी तरह से कैंपेनिंग में लग चुका हूं।'

लोगों का समर्थन मिला तो सभी 90 सीटें जीतेंगे- राज बब्बर
कांग्रेस नेता का कहना है कि अगर हरियाणा की जनता का समर्थन मिला तो पार्टी राज्य की सभी 90 सीटों पर चुनाव जीत सकती है। उनके मुताबिक, 'मैं पार्टी को सभी 90 सीटें जिताना चाहता हूं और अगर हमें लोगों का समर्थन मिलता है तो हम निश्चित रूप से जीतेंगे।'
75 हजार से भी ज्यादा वोटों से चुनाव हारे हैं राज बब्बर
राज बब्बर को गुड़गांव लोकसभा सीट पर बीजेपी के राव इंद्रजीत सिंह ने 75 हजार से भी ज्यादा वोटों से हराया है। बावजूद इसके जिस तरह से कांग्रेस पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव अभियान के लिए जिम्मेदारियां सौंपी हैं, उससे कई तरह की अटकलें लग रही हैं। हालांकि, विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में पूछे गए सवालों पर उन्होंने कहा, 'मैंने कभी भी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा है।'
हरियाणा में विधानसभा का चुनाव अक्टूबर में होना है। 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 40 सीटें मिली थी और कांग्रेस 31 सीटों पर सिमट गई थी। वहीं जननायक जनता पार्टी (JJP) को 10 सीटें मिली थी। बाद में बीजेपी ने जेजेपी और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बना ली थी।
किरण चौधरी और श्रुति चौधरी बीजेपी में हो चुकी हैं शामिल
वैसे राज बब्बर के दावों के उलट बुधवार को हरियाणा में कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका लगा है। प्रदेश में कांग्रेस की बड़ी नेता किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी ने पार्टी का हाथ छोड़कर बीजेपी का कमल थाम लिया है। दोनों नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुई हैं।
पार्टी को जरूर नुकसान होगा- कांग्रेस सांसद
इन दोनों के कांग्रेस छोड़ने पर हरियाणा कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है और पार्टी सांसद और दिग्गज नेता कुमारी शैलजा ने भी कह दिया है कि उनके कांग्रेस छोड़ने से पार्टी को जरूर नुकसान होगा।
किरण चौधरी हरियाणा के पूर्व सीएम और दिग्गज कांग्रेसी बंसीलाल की बहू हैं। उन्होंने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा, 'आज मैंने प्रधानमंत्री की वजह से फैसला लिया है, जिन्होंने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत पूरे विश्व में चमकेगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'प्रधानमंत्री की ओर से किए गए जन कल्याण के कार्यों की वजह से दिल्ली में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी है। मैंने खट्टर जी के साथ काफी काम किया है। हमारे बीच काफी कड़वाहटें हुआ करती थीं। लेकिन, उन्होंने जिस तरह से काम किया, वह मेरी प्रेरणा का स्रोत है।'
हरियाणा में लोकसभा की 10 सीटें हैं। 2019 में सभी 10 सीटें बीजेपी जीती थी। लेकिन, इस बार कांग्रेस ने 5 सीटें भाजपा से छीन ली हैं और खुद अपनी सीट नहीं बचा पाने वाले राज बब्बर के दावे में इसी का उत्साह नजर आ रहा है। (इनपुट-एएनआई)












Click it and Unblock the Notifications