चांद मोहम्मद से फिर बन गये चंद्र मोहन, ताऊ तेरा छोरा आ गया कह कर मांग रहे हैं वोट
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। साल 2008 की सबसे बड़ी लव स्टोरी, साल 2008 की धमाकेदार शादी, साल 2008 का सबसे अनोखा चांद और साल 2008 की सबसे महकती फिजा... अब तक साफ हो चुका है कि अब हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम चांद मोहम्मद उर्फ चंद्र मोहन की बात कर रहे हैं जिन्होंने इश्क के लिए धर्म, राजनीति, और परिवार को छोड़ दिया था। मगर अब जो बात सामने आ रही है वो ये है कि चांद मोहम्मद उर्फ चंद्र मोहन अपने पुराने अवतार में लौट आए हैं।
हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले चांद मोहम्मद अपने पुराने नाम चंद्र मोहन के नाम से सक्रिय राजनीति में आ गये हैं और इन दिनों जमकर प्रचार कर रहे हैं। अंग्रेजी अखबार 'द इंडियन एक्सप्रेस' की खबर के मुताबिक, अपनी प्रेमिका फिजा के लिए चंद्र मोहन ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम चांद मोहम्मद रख लिया था। लेकिन हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले वो हरियाणा जनहित कांग्रेस की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं और लोगों से घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं।अखबार की मानें तो चंद्र मोहन हिसार के नलवा विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के दौरान लोगों के घर जाकर कहते हैं 'ताऊ तेरा छोरा आ गया'। मालूम हो कि चंद्र मोहन और अनुराधा बाली उर्फ फिजा ने शादी करने के लिए धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम धर्म अपना लिया था। हालांकि दोनों की शादी चल नहीं सकी और तलाक के बाद फिजा अपने घर पर संदिग्ध हालत में मृत मिली थीं। खास बात ये भी है कि चंद्र मोहन के लिए उनकी पहली पत्नी सीमा बिश्नोई, मां जसमा देवी और बहन रोशनी बिश्नोई भी प्रचार कर रही हैं।













Click it and Unblock the Notifications