हार्वर्ड के छात्र ने पीएम मोदी के तंज पर पत्र लिख कर जताया ऐतराज
हॉर्वर्ड के छात्र प्रतीक कंवल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ये पत्र ऑनलाइन जारी किया है जो वायरल हो गया। प्रतीक हॉर्वर्ड विश्वविद्यालय में पब्लिक पॉलिसी में मास्टर डिग्री का कोर्स कर रहे हैं।
नई दिल्ली। अमेरिका के प्रसिद्ध हार्वर्ड विश्वविद्यालय के एक छात्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। छात्र ने ये पत्र प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान को लेकर लिखा है जिसमें उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय को लेकर तंज कसा था। छात्र ने पीएम मोदी के तंज पर ही पत्र लिख कर अपना विरोध जताया है।

हॉर्वर्ड के छात्र प्रतीक कंवल ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र
हॉर्वर्ड के छात्र प्रतीक कंवल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ये पत्र ऑनलाइन जारी किया है जो वायरल हो गया। छात्र ने लिखा कि अर्थशास्त्रियों और जाने-माने संस्थानों का इस तरह से मजाक उड़ाने से भारत दुनिया में केवल अलग-थलग ही पड़ेगा। प्रतीक हॉर्वर्ड विश्वविद्यालय में पब्लिक पॉलिसी में मास्टर डिग्री का कोर्स कर रहे हैं। प्रतीक ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब उत्तर प्रदेश में चुनावी रैली के दौरान हॉर्वर्ड विश्वविद्यालय को लेकर टिप्पणी कर रहे थे, उसी समय उनकी ही सरकार में मंत्री धर्मेंद्र प्रधान हॉर्वर्ड विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में धर्मेंद्र प्रधान ने खास तौर से विश्वविद्यालय और वहां के छात्रों से सरकार के साथ सहयोग की बात कही थी। हालांकि छात्र ने ये भो जोड़ा कि जिस तरह की टिप्पणी प्रधानमंत्री की ओर से की गई है इससे उन भारतीय छात्रों पर असर होगा जो पढ़ाई के बाद वापस देश में लौटना चाहते हैं।
बता दें कि हाल ही जीडीपी के ताजा आंकड़ों के जारी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ-साथ अर्थशास्त्रियों पर टिप्पणी की थी, पीएम ने ये तंज उस बात पर किया था क्योंकि उन्होंने टिप्पणी की थी कि नोटबंदी की वजह से जीडीपी दर कम रहेगी। पीएम मोदी ने कहा था कि कई विद्वानों, हॉर्वर्ड और ऑक्सफोर्ड से आए विद्वानों ने कहा कि नोटबंदी के बाद जीडीपी में करीब दो फीसदी से चार फीसदी की गिरावट आएगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। पीएम मोदी ने कहा था कि आखिर हॉर्वर्ड के लोग क्या कहते हैं और मेहनती लोग क्या सोचते हैं।












Click it and Unblock the Notifications