हरीश रावत बोले- जल्द पंजाब कांग्रेस से आएगी गुड न्यूज, सिद्धू और कैप्टन दोनों मानेंगे हाईकमान का फैसला
नई दिल्ली, 13 जुलाई: 2017 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद जैसे ही कांग्रेस ने पंजाब में सरकार बनाई, वैसे ही मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू में विवाद शुरू हो गया। वैसे तो ये विवाद पिछले चार सालों से चल रहा, लेकिन अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी हाईकमान इस पर गंभीर हो गया है। इस बीच राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि पंजाब कांग्रेस में सब कुछ सही हो जाएगा। इसकी ओर प्रदेश प्रभारी हरीश रावत ने भी इशारा किया है।

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद हरीश रावत ने कहा कि अगले 3-4 दिनों में पंजाब कांग्रेस के लिए अच्छी खबर होगी। हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि वो खबर क्या होगी। वहीं पीके और राहुल की मुलाकात पर उन्होंने कहा कि राहुल एक राष्ट्रीय नेता हैं। वो रोजाना कई नेताओं से मिलते हैं और उसने इनपुट लेते हैं। प्रशांत किशोर भी उनसे मिले, लेकिन पंजाब के बारे में कोई बातचीत नहीं हुई।
वहीं सिद्धू के एक ट्वीट ने पंजाब के राजनीतिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि वो आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इस पर रावत ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो कहा जा रहा है, मैं उस पर कमेंट नहीं कर सकता हूं। सिद्धू का एक अपना अलग अंदाज है। कैप्टन और सिद्धू ने ये बात कही है कि हाईकमान जो फैसला करता है, वो उसको जरूर मानेंगे।
क्या था सिद्धू का ट्वीट?
सिद्धू ने मंगलवार को ट्वीट कर लिखा कि हमारे विपक्षी यानि आम आदमी पार्टी के नेता कह रहे हैं कि अगर तुम और कांग्रेस के वफादार हमारी पार्टी में आएंगे, तो कोई बात नहीं, लेकिन अगर तुम सब कांग्रेस में रहे तो दिक्कत होगी। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि अगर विपक्ष मुझसे सवाल करने की हिम्मत करता है, फिर वे मेरे जन-समर्थक एजेंडे से बच नहीं सकते हैं। वहीं आप नेता संजय सिंह ने सिद्धू को ईमानदार बताते हुए कैप्टन पर निशाना साधा, उस वीडियो को ट्वीट कर सिद्धू ने लिखा कि हमारे विपक्षी आप ने हमेशा पंजाब के लिए मेरे विजन और काम को पहचाना है। 2017 से पहले की बात हो या अब की, उन्हें हमेशा मेरे मुद्दे पसंद आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications