शनिवार और रविवार की रात भाजपा ईवीएम में गड़बड़ी करेगी: हार्दिक पटेल
शनिवार और रविवार की रात को भाजपा ईवीएम में करेगी छेड़छाड़: हार्दिक पटेल
नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनावों के नतीजों से पहले गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने कहा है कि भाजपा ईवीएम में गड़बड़ करने जा रही है। हार्दिक ने कहा है कि शनिवार और रविवार की रात बीजेपी ईवीएम में गड़बड़ी करने जा रही है, अगर ईवीएम में गड़बड़ी नहीं की गई तो भाजपा 82 सीटों पर सिमट जाएगी। हार्दिक ने इसको लेकर ट्वीट किया है। एक और ट्वीट में हार्दिक ने कहा है कि गुजरात में भाजपा की हार का मतलब है भाजपा का पतन। ईवीएम में गडबड़ी करके भाजपा गुजरात चुनाव जीतेगी और हिमाचल प्रदेश का चुनाव हारेंगी ताकि कोई ईवीएम को लेकर सवाल ना उठाए।

हार्दिक लगातार उठा रहे ईवीएम पर सवाल
ईवीएम पर हार्दिक लगातार सवाल उठा रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने ट्वीट कर ईवीएम पर संदेह जताया था। हार्दिक ने ट्वीट किया, 'हम EVM मशीन का उपयोग क्यों करते हैं !! ताकि मत गणना जल्दी हो जाए लेकिन चुनाव खत्म होने के बावजूद थी। 5 से 7 दिन दिन तक क्यों EVM हमें बंद कमरे में रखने पड़ते हैं।इस से अच्छा है की बेलेट पेपर से मतदान कीजिए इसमें भी EVM जितना ही समय लगता हैं। हिमाचल प्रदेश का EVM तो एक महीने तक पड़ा रहा।' एक और ट्वीट में हार्दिक ने कहा, 'EVM में गरबडी यह सवाल पर हँसी नहीं लेकिन हमें स्वतंत्र लोकतांत्रिक हिंदुस्तान में इस मुद्दे पर मंथन करना ज़रूरी हैं।जनता वोट देने के बाद भी चिंता करती है की क्या मेरा वोट सही रहेगा !!! यह सभी के लिए सोचने की बात हैं।'

कांग्रेस ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा
वीवीपैट मशीनों की पर्चियों की ईवीएम मशीनों के पेपर ट्रेल से मिलान को लेकर कांग्रेस एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। गुजरात की कांग्रेस इकाई के सचिव ने सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई थी कि चुनाव आयोग को यह निर्देश दिए जाएं कि कम से कम 25 फीसदी VVPAT मशीनों के पेपर ट्रेल ईवीएम मशीनों से मैच कराए जाएं। शुक्रवार को इस मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस की अर्जी खारिज कर दी थी। कांग्रेस की ओर से इस मामले में कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी अदालत में पक्ष रखा था। कांग्रेस ऐसी पहली पार्टी है जिसने यह मांग उठाई थी कि VVPAT के पेपर ट्रेल का मिलान EVM के वोटों से कराया जाए। अभिषेक मनु सिंघवी ने एक बार फिर से नई याचिका के साथ सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है।

EVM में लगातार मिलती रही हैं गड़बड़ी की शिकायतें
गुजरात विधानसभा के दौरान कई जगहों से ईवीएम में गड़बड़ी की खबरें सामने आईं। पहले ही चरण में 800 से ज्यादा ईवीएम और वीवीपीएटी में गड़बड़ी पाई गई। सूरत में मतदान के दिन इसको लेकर काफी हंगामा भी हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, पहले चरण के लिए 26,865 ईवीएम और 24,689 कंट्रोल यूनिट व वीवीपीएटी का आवंटन किया गया था। जिसमें 164 ईवीएम, 714 वीवीपीएटी और 225 कंट्रोल यूनिट में गड़बड़ी पाई जाने की खबर है। दूसरे चरण में भी कई जगहों पर ईवीएम में शिकायत पाई गईं। इससे पहले उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव और विधानसभी चुनाव में भी ईवीएम पर सवाल उठाए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications