'भारत जोड़ो यात्रा' पर बोले हरदीप पुरी- बीजेपी शासित राज्यों से डीजल भरवाए कांग्रेस, काफी पैसे बचेंगे
नई दिल्ली, 10 सितंबर: कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू कर दी है। ये यात्रा देश के कई राज्यों से होकर गुजरेगी। कांग्रेस का दावा है कि जनता महंगाई, बेरोजगारी आदि चीजों से परेशान हो गई है, ऐसे में वो अब इस सरकार से छुटकारा चाहती है। वहीं कांग्रेस के आरोपों पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पलटवार किया है। साथ ही पुरी ने कांग्रेस को बीजेपी शासित राज्यों से वाहनों में तेल भरवाने की सलाह दी, क्योंकि वहां पर पेट्रोल-डीजल गैर-बीजेपी शासित राज्यों की तुलना में सस्ता है।

हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर लिखा कि कांग्रेस के लिए एक सलाह, कांग्रेस को चाहिए कि उन राज्यों से तेल ना भरवाएं, जिन्होंने जनता को राहत देने के बजाए आंखें मूंद ली हैं। इसकी जगह वो बीजेपी शासित राज्यों से तेल भरवाएं, उनको सस्ता पड़ेगा। उदाहरण के लिए तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में 14.5 रुपये प्रति लीटर का अंतर है। आगे उन्होंने लिखा कि कांग्रेस 12 राज्यों में 3500 किमी का सफर करेगी। अपने 150 दिनों की यात्रा में कांग्रेस प्रति डीजल वाहन 1050 और 2205 रुपये की बचत कर सकती है। कांग्रेस के 'युवा' नेता आमतौर पर लक्जरी वाहनों के विशाल दल और काफिले के साथ यात्रा करते हैं, ऐसे में वो इस सलाह के लिए मुझे बाद में धन्यवाद दे सकते हैं।
एक अन्य ट्वीट में पुरी ने हर राज्यों में डीजल के दाम में अंतर को बताया, जो कुछ इस तरह है-
- दिल्ली की बजाए हरियाणा से डीजल लेने पर 3.07 रुपये प्रति लीटर की बचत।
- राजस्थान की बजाए यूपी से भरवाने पर 3.96 रुपये प्रति लीटर की बचत।
- तेलंगाना की जगह महाराष्ट्र से डीजल लेने पर ₹3.55/लीटर की बचत।
- तमिलनाडु और केरल की जगह कर्नाटक से ईंधन लेने पर क्रमश: ₹6.35/लीटर और ₹8.63/लीटर की बचत होगी।












Click it and Unblock the Notifications