Hajj 2024: 175,000 भारतीय मक्का यात्रा पर, 98 की मौत, विदेश मंत्रालय ने बताई वजह
Hajj 2024: भीषण गर्मी के बीच मक्का गए मुस्लिम तीर्थयात्रियों ने हज यानी अपनी तीर्थयात्रा का अंतिम पड़ाव पूरा कर लिया है। इस हफ्ते मुस्लिम तीर्थयात्रियों ने मंगलवार को भीषण गर्मी में हज या तीर्थयात्रा पूरी कर ली है। शैतान को प्रतीकात्मक रूप से पत्थर मारने की रस्म के तीसरे दिन और मक्का शहर में इस्लाम के सबसे पवित्र स्थल काबा के चारों ओर अंतिम परिक्रमा की गई। इस बीच भीषण गर्मी और अन्य स्वास्थ्य कारणों के चलते हजारों तीर्थयात्रियों की यात्रा के दौरान मौत भी हो गई, मरने वाले हज यात्रियों में 98 भारतीय भी शामिल हैं।
हज पर गए विभिन्न देशों के तीर्थ यात्रियों में कई मौतें रिपोर्ट की गई हैं। हालांकि सऊदी अरब ने आधिकारिक तौर पर मौतों की संख्या जारी नहीं की है, कई देशों ने कहा है कि उनके कुछ तीर्थयात्रियों की मौत जॉर्डन और ट्यूनीशिया सहित मक्का के पवित्र स्थलों में गर्मी के कारण हुई है। न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा हज यात्रा के दौरान 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने मक्का यात्रा पर गए भारतीय तीर्थयात्रियों की मौतों की जानकारी दी। उन्होंने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 175,000 भारतीय नागरिक पहले से ही सऊदी अरब में हज यात्रा पर हैं, जिनमें से 98 की मृत्यु हो गई है। उन्होंने कहा कि ये मौतें प्राकृतिक कारणों, पुरानी बीमारी और बुढ़ापे के कारण भी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications