कभी सोचा नहीं था कि राजनीति में आऊंगा पर आज मैं राजनीतिक क्रांतिकारी हूं: केजरीवाल

पीटीआई से बातचीत के दौरान केजरीवाल ने कहा कि जब हम व्यवस्था को बदलने की बात करते हैं तो इन लोगों के लिए यह अराजकता में बदल जाती है। उनके लिए मैं अराजकतावादी हूं। केजरीवाल से जब ये सवाल किया गया कि क्या वह खुद को राजनीतिक क्रांतिकारी कहेंगे, 45 साल के 'आप' नेता ने कहा, 'हां, मैं राजनीतिक क्रांतिकारी हूं। उनसे सवाल किया गया कि वह उन लोगों के लिए क्या कहेंगे जो उन्हें तानाशाह बुलाते हैं। इस पर केजरीवाल ने कहा, 'क्या आपको लगता है कि प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव जैसे लोग एक तानाशाह के साथ काम कर सकते हैं?
बहुत से लोग हमारे पास आ रहे हैं। क्या वे एक तानाशाह के साथ काम करेंगे?' केजरीवाल ने कहा कि 'आप' का नेतृत्व समग्रता में रहा है और यदि हम तानाशाह होते तो, चार लोग भी हमारे साथ खड़े नहीं होते। केजरीवाल से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी सपने भी सोचा था कि वो राजनीति तक जाएंगे तो उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2012 में पार्टी का गठन किए जाने के बाद उन्हें कुछ अच्छा करने की उम्मीद थी लेकिन उन्होंने नहीं सोचा था कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री बन जाएंगे।
इस सवाल पर कि क्या अब उनकी प्रधानमंत्री बनने की तमन्ना है, उन्होंने 'ना' में जवाब दिया और जोर देते हुए कहा कि उनका मकसद भारत को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है जिसके लिए 'आप' संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा, 'हम यहां सत्ता की राजनीति करने के लिए नहीं आए हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या इसके बावजूद वह प्रधानमंत्री बनेंगे, केजरीवाल ने कहा, आप कोई भी भविष्यवाणी कर सकते हैं। कौन जानता है? केजरीवाल इस बारे अभी तक फैसला नहीं कर पाए हैं कि वह लोकसभा चुनाव लड़ेंगे या नहीं, लेकिन उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वो चुनाव लड़ेंगे लेकिन उनकी पहली प्राथमिकता दिल्ली है।












Click it and Unblock the Notifications