Gwalior Accident: नवरात्रि पर मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं पर काल बनकर टूटा बेकाबू ट्रक! 13 की मौत, 32 घायल
Gwalior Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महासप्तमी की रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। शीतला माता मंदिर के रास्ते पर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को धान से भरे एक अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही भारी कोहराम मच गया।
इस दर्दनाक हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 32 से 39 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?
ग्वालियर के एसपी धर्मवीर सिंह (यादव) के मुताबिक, घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। छिनोर की तरफ से आ रहे धान से लदे ट्रक को पुलिस ने बैरिकेड्स पर रोकने की कोशिश की थी। उस रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही पहले से ही प्रतिबंधित थी। ढलान होने के कारण चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और वाहन बैरिकेड्स तथा प्रसाद की दुकानों को तोड़ता हुआ सीधे मंदिर के मुख्य गेट और बाहरी दीवार से जा टकराया। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका भी जताई जा रही है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही तुरंत एंबुलेंस और राहत दल को मौके पर भेजा गया। घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां रेड क्रॉस फंड के जरिए उनका इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल 5-6 लोगों को फ्रैक्चर और गंभीर चोटें आई हैं, जिनके सीटी स्कैन और एक्स-रे कराए जा रहे हैं। मृतकों और घायलों में ज्यादातर लोग ग्वालियर और आसपास के जिलों के रहने वाले हैं।
RTO जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
त्योहारी सीजन और भारी भीड़ के बीच चेकपॉइंट होने के बावजूद ट्रक मंदिर के रास्ते तक कैसे पहुंच गया, प्रशासन इसकी गहराई से जांच कर रहा है। आरटीओ (RTO) की एक विशेष टीम को ट्रक की तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता चल सके कि ब्रेक फेल हुए थे या वाहन में कोई अन्य तकनीकी गड़बड़ी थी। इस बड़ी त्रासदी के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


Click it and Unblock the Notifications
