Guwahati Ring Road: 121 KM के मेगा प्रोजेक्ट से गुवाहाटी में ट्रैफिक जाम होगा बंद, जानें कितनी है लागत
Guwahati Ring Road Project: असम में इस साल चुनाव होने वाले हैं। बीजेपी को उम्मीद है कि राष्ट्रवाद और विकास योजनाओं के दम पर तीसरी बार राज्य में अपनी सरकार बना सकती है। गुवाहाटी में मेट्रो समेत कई विकास योजनाएं जमीन पर है। गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना असम की राजधानी के लिए एक गेमचेंजर साबित होने जा रही है।
तेजी से बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव से जूझ रहे गुवाहाटी के लिए यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। लगभग 121 किलोमीटर लंबी यह रिंग रोड न सिर्फ शहर के अंदरूनी ट्रैफिक को सुगम बनाएगी, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी।

PM Modi ने रखी थी परियोजना की आधारशिला
इस मेगा प्रोजेक्ट की कुल अनुमानित लागत करीब ₹5,729 करोड़ से ₹5,800 करोड़ के बीच बताई गई है। इस प्रोजेक्ट के लिए बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण किया जाएगा और इसकी लागत का 50 प्रतिशत हिस्सा असम सरकार वहन करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 सितंबर 2025 को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। प्रोजेक्ट के लिए काम शुरू है और इस बार के चुनाव में भी यह अहम मुद्दा रहने वाला है।
Guwahati Ring Road Project: रिंग रोड को 3 हिस्सों में किया जाएगा विकसित
- गुवाहाटी रिंग रोड को तीन प्रमुख हिस्सों में विकसित किया जा रहा है। पहला हिस्सा उत्तरी गुवाहाटी बाईपास है। यह लगभग 56 किलोमीटर लंबा एक 4-लेन एक्सेस-कंट्रोल ग्रीनफील्ड कॉरिडोर होगा। यह बैहाटा चरियाली से सोनापुर तक बनेगा।
- दूसरा हिस्सा NH-27 का 8 किलोमीटर लंबा चौड़ीकरण है, जिसमें मौजूदा 4-लेन बाईपास को बढ़ाकर 6-लेन किया जाएगा। इससे ट्रैफिक की भीड़ को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
- तीसरे हिस्से में NH-27 के 58 किलोमीटर लंबे हिस्से का अपग्रेडेशन किया जाएगा, ताकि यातायात और अधिक सुचारू हो सके। इससे पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
Guwahati Ring Road Project Update: ब्रह्मपुत्र नदी पर बनेगा पुल
इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण है ब्रह्मपुत्र नदी पर बनने वाला 3 किलोमीटर लंबा नया पुल। इसे नारेंगी-कुरुवा लिंक के नाम से जाना जाएगा। यह पुल गुवाहाटी के दोनों किनारों को तेज और सुरक्षित तरीके से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। बारिश के मौसम में पूरे शहर के लिए कनेक्टिविटी एक बड़ा मुद्दा रहती है। इस पुल के बनने के बाद लोगों को इस दिशा में बड़ी राहत मिलेगी।
Guwahati Ring Road Project News: दिसंबर 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
रिंग रोड को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से BOT (Build-Operate-Toll) मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसे गेमचेंजर प्रोजेक्ट बताया है। उन्होंने कहा, 'इस परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह रिंग रोड गुवाहाटी के आंतरिक ट्रैफिक दबाव को कम करेगी। साथ ही, पश्चिम बंगाल और बिहार से आने वाले भारी वाहनों को सिलीगुड़ी, शिलांग और पूर्वोत्तर के दूसरे हिस्सों तक पहुंचने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग के तौर पर इस्तेमाल होगी। इससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications