Video: 'ये पक्का गुड़गांव वाले हैं', लगा था लंबा जाम, शख्स ने गाड़ी की छत पर बैठकर छलकाया 'जाम'
गुरुग्राम का एक वीडियो वायरल हो रहा, जो हैरान करने वाला है। जहां एक शख्स कार की छत पर बैठकर शराब पी रहा।
हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी पुरानी है। ज्यादातर लोग जाम में फंसने पर या तो गाने सुनते हैं या फिर मूवी देखने लगते हैं, लेकिन अब एक शख्स ने जो काम किया, उसे देख पूरा सोशल मीडिया हैरान है। हालांकि इस हरकत के लिए उस शख्स पर पुलिसिया कार्रवाई हो सकती है। (वीडियो-नीचे)

कार की छत पर छलकाया जाम
वायरल वीडियो गुरुग्राम का बताया जा रहा है। वहां पर एक रोड पर भीषण जाम लगा हुआ था। तभी एक कार आई, जिसकी छत पर एक शख्स बैठा था। उसने आराम से शराब की बोतल खोली और उसे ग्लास में डालकर पीने लगा। जिसे देख वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। जब तक जाम लगा रहा, तब तक वो शख्स वहां पर बैठकर शराब पीता रहा।

अंदर वाले भी पी रहे थे शराब
वीडियो में आप देख सकते हैं कि कार के अंदर बैठे लोग भी शराब पी रहे थे। अंदर से एक शख्स ने ग्लास ऊपर बैठे शख्स को दिया। रवि नाम के शख्स ने इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया, जो करीब 15 सेकेंड का है। देखते हुए देखते ये वायरल हो गया। कुछ लोगों ने तो इसको मजाक में ले लिया, जबकि कई लोग इसे गंभीर मुद्दा मान रहे। साथ ही हरियाणा पुलिस को टैग करके इसके ऊपर कार्रवाई की मांग की है।

लोगों ने क्या कहा?
एक यूजर ने कमेंट कर लिखा कि ये बिल्कुल भी फनी नहीं है, जबकि एक अन्य ने लिखा कि एक बार ये आदमी पुलिस के हाथ लग जाए, पुलिस सारा नशा उतार देगी। एक तीसरे यूजर ने लिखा कि जल्द ही आपको ये जेल में मिलेगा, तो पता चलेगा कि उसने कितनी बड़ी गलती की। आपको बता दें कि भारत में खुले में धूम्रपान करना या शराब पीना दंडनीय अपराध है। इसके लिए सजा और जुर्माने दोनों का प्रावधान है।

मेरठ में हुई थी ऐसी घटना
कुछ दिनों पहले मेरठ से इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां तीन लोगों ने चलती कार की विंडो से बाहर झुककर जोखिम भरा स्टंट किया। इस मामले को दिल्ली महिला आयोग की चेयरमैन स्वाति मालीवाल ने भी उठाया था।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications