सबरीमाला विवाद: श्री श्री रविशंकर ने केरल के लोगों से संयम बरतने की अपील की
नई दिल्ली। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने केरल के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जब सबरीमाला मामला कोर्ट में है, तो ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए जो हमारे समाज में गुस्से और मामले को और तूल देने का काम करे। बता दें कि सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश करने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और देखते ही देखते पूरे केरल में इसका असर देखने को मिला।

श्री श्री रविशंकर ने कहा है, 'ये बहुत दुखद है कि सांप्रदायिक सौहार्द्र और प्रगति के लिए जाना जाने वाला केरल जल रहा है। मैं लोगों से शांति बनाए रखने और हिंसा रोकने की अपील करता हूं। हमें सुप्रीम कोर्ट में लंबित पुर्नविचार याचिका पर फैसले का इंतजार करना चाहिए। जब सबरीमाला का मुद्दा कोर्ट में है, कोई ऐसा कार्य नहीं होना चाहिए जिससे समाज में एक-दूसरे के प्रति नफरत बढ़े। केरल के महिलाओं के उत्थान के लिए प्रयासों के इतर श्रद्धालुओं की भावनाओं का खयाल रखना चाहिए।
बता दें कि सबरीमाला मंदिर में दो महिलाओं के प्रवेश का मामला सामने आने के बाद केरल में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गया। भगवान अयप्पा के भक्तों, कई हिंदू संगठनों और बीजेपी ने महिलाओं के प्रवेश के विरोध में प्रदर्शन किया जिसमें एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। वहीं, केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने सबरीमाला विवाद बढ़ने के पीछे संघ परिवार को जिम्मेदार ठहराया था।












Click it and Unblock the Notifications