गुजरात: हिंदू संगठन ने गरबा आयोजन में मुस्लिम कलाकारों की एंट्री रोकी
भुज में हिंदू संगठन ने गरबा के दौरान आयोजित होने वाले ऑर्केस्ट्रा के पोस्टर पर कालिख पोत दी है और चेतावनी दी है कि वो आयोजक किसी भी मुस्लिम कलाकार को अपने कार्यक्रम में शामिल न करें ।
अहमदाबाद। नवरात्र बस शुरू होने ही वाले है। नवरात्र से पहले गुजरात के हिंदू संगठन ने गरबा कार्यक्रम में मुस्लिम कलाकारों के शामिल होने पर रोक लगा दी है। गुजरात के भुज में हिंदू संगठन ने गरबा के दौरान आयोजित होने वाले ऑर्केस्ट्रा के पोस्टर पर कालिख पोत दी है और चेतावनी दी है कि वो आयोजक किसी भी मुस्लिम कलाकार को अपने कार्यक्रम में शामिल न करें ।हिंदू संगठन की इस चेतावनी से निराश आयोजकों ने कार्यक्रम को रद्द कर दिया है।

आयोजकों ने कहा है कि वो किसी तरह का हंगामा नहीं चाहते हैं इसलिए उन्होंने मुस्लिम कलाकारों को रोकने के बजाए पूरे कार्यक्रम को ही रद्द कर दिया। आयोजक जीतू मेहता ने कहा कि किसी भी हंगामे से बेहतर है कि कार्यक्रम रद्द कर दिया जाए। वहीं हिंदू युवा संगठन के अध्यक्ष रघुवीर सिंह जडेजा ने कहा कि नवरात्र हमारा धार्मिक मामला है और हम किसी दूसरे धर्म को अपने धार्मिक आयोजन में प्रस्तुति देने की अनुमति नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि हम लव जिहाद जैसी घटनाओं पर रोक लगाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अधिकांश तौर पर गरबा के दौरान होती है। आपको बता दें कि भुज का ये सिंफनी ऑर्केस्ट्रा सालों से गरबा का आयोजन करता रहा है। इसमें 25 कलाकार हैं, जिसमें से 21 हिंदू और 4 मुस्लिम कलाकार हैं।












Click it and Unblock the Notifications