गूगल में मैनेजर बता मैट्रिमोनियल साइट पर करता था दोस्ती, 50 से ज्यादा लड़कियों का किया यौन शोषण, गिरफ्तार
गूगल में मैनेजर बता 50 से ज्यादा लड़कियों का किया यौन शोषण, गिरफ्तार
नई दिल्ली। गुजरात के अहमदाबाद में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर पचास से ज्यादा महिलाओं के साथ यौन शोषण और घोखाधड़ी के आरोप है। अहमदाबाद पुलिस की साइबर सेल ने बताया है कि संदीप मिश्रा उर्फ विहान शर्मा नाम का ये शख्स मैट्रिमोनियल साइट्स पर खुद को गूगल में मैनेजर बताता था और यहां लड़कियों से दोस्ती करता था। इस शख्स ने 50 से ज्यादा लड़कियों के साथ धोखाधड़ी की है और उनका यौन शोषण किया है।

पुलिस का कहना है कि ये शख्स खुद को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) अहमदाबाद का पास आउट बताता था। उसके पास आईआईएम की फर्जी डिग्री भी थी। उसने मैट्रिमोनियल साइट्स पर अलग-अलग नाम से आईडी बना रखी थी और खुद को गूगल में मैनेजर बताकर बड़े घरों की लड़कियों से दोस्ती कर उनको शिकार बनाता था।
एक युवती ने अपने साथ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने साइबर सेल को इसकी जांच सौंपी। जांच की गई तो पता चला कि ये शख्स तो अब तक पचास से ज्यादा लड़कियों के साथ ठगी और यौन शोषण कर चुका है। पुलिस का कहना है कि ये खुद की तनख्वाह सालाना चालीस लाख से ज्यादा बताता था। जिसके चलते इससे लड़कियां रिश्ते के लिए संपर्क करती थीं। पहले ये लड़की से मिलता जुलता था और फिर लड़कियों को भरोसे में लेकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाकर और पैसे ठग कर गायब हो जाता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इसके पास से 30 से ज्यादा सिम कार्ड, कई फोन, अलग-अलग नाम से फेक आईडी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया है कि देश के कई शहरों में इस शख्स ने लड़कियों को अपना शिकार बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications