सिस्टम से हताश किसान ने सीएम विजय रूपाणी के सामने खाया कीटनाशक
अहमदाबाद। गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के प्रांसली गांव में रविवार को भरी जनसभा में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के सामने एक किसान ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। किसान का नाम डोडिया बताया जा रहा है, वह अवैध कब्जे से परेशान था। जब उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई तो उसने सीएम की जनसभा में ही कीटनाशक खा लिया।

जानकारी के मुताबिक, किसान ने जब कीटनाशक निगला, तब सीएम विजय रूपाणी ने अपना संबोधन शुरू ही किया था। किसी को कीटनाशक निगलता देख आयोजन स्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और उसे नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। किसान को वीरवाल स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
डोडिया ने पत्रकारों को बताया कि भू-माफिया ने उसके खेत के ठीक बाहर पंचायती जमीन पर कब्ज कर लिया है। इस वजह से वह अपने खेत में प्रवेश नहीं कर पा रहा है। किसान ने बताया कि कलेक्टर ने अतिक्रमण हटाने के लिए आदेश जारी किया था, लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है, इस वजह से उसकी परेशानी जस की तस बनी हुई है।
किसान का कहना है कि पंचायती जमीन पर अतिक्रमण करने वालों ने उसके खेत में जाने का रास्ता ही बंद कर रखा है। इस मामले में कलेक्टर आदेश दे चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि उसने सीएम विजय रूपाणी तक से इस बारे में संपर्क किया था। मुख्यमंत्री ने भी अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
किसान ने कहा कि उसने पंचायत अधिकारियों से लेकर तालुका विकास अधिकारी तक बार-बार अतिक्रमण हटाने की अपील की, लेकिन उसकी किसी ने एक न सुनी, हारकर उसने सीएम की जनसभा में आत्महत्या करने का निर्णय ले लिया। बहरहाल, किसान की हालत अब खतरे से बाहर है।












Click it and Unblock the Notifications