भारत में ISIS की साजिश नाकाम! गुजरात में ATS के हत्थे चढ़े 3 आतंकी, क्या थी प्लानिंग?
गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) को एक बड़ी सफलता मिली है। एक संयुक्त ऑपरेशन में ISIS से जुड़े तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जो एक साल से अधिक समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थे। ये तीनों आतंकी कथित तौर पर एक बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे।
गिरफ्तार किए गए तीनों आतंकी आईएसआईएस से जुड़े दो अलग-अलग मॉड्यूल का हिस्सा बताए जा रहे हैं। गुजरात एटीएस पिछले एक साल से इनकी गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रही थी और इन्हें ट्रैक कर रही थी।

किस इरादे से गुजरात पहुंचे थे आतंकी?
आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, ये तीनों आरोपी हथियार बदलने के इरादे से गुजरात पहुंचे थे। एजेंसियों को उनकी गतिविधियों और साजिश की पूर्व सूचना मिल चुकी थी। जैसे ही उन्होंने राज्य में प्रवेश किया, एटीएस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें धर दबोचा।
आईएसआईएस से संबंधित है तीनों आरोपी
एटीएस की प्राथमिक जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि तीनों आरोपी आईएसआईएस से संबंधित दो अलग-अलग मॉड्यूल से सक्रिय रूप से जुड़े थे। सूत्रों के मुताबिक, ये तीनों किसी बड़े हमले की योजना बना रहे थे और इसी के तहत हथियार बदलने के लिए गुजरात आए थे। गिरफ्तारी के बाद, एटीएस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। इन आतंकियों का उद्देश्य गुजरात से हथियार लेकर देश के अन्य राज्यों में पहुंचाना था।
सेना की जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी ढेर
गुजरात में आतंकियों की गिरफ्तारी से पहले शनिवार को सेना के हाथ एक बड़ी सफलता लगी। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा (Kupwara) जिले में सेना ने एक बार फिर घुसपैठ की साजिश को नाकाम कर दिया। एलओसी (LoC) के पास केरन सेक्टर (Keran Sector) में चल रहे 'ऑपरेशन पिम्पल' (Operation Pimple) में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। चनार कॉर्प्स (Chinar Corps) के मुताबिक इलाके में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
घुसपैठ की कोशिश, सेना की सतर्कता
7 नवंबर की रात खुफिया एजेंसियों से मिले पुख्ता इनपुट (Specific Intelligence Inputs) के बाद भारतीय सेना ने केरन सेक्टर में एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी और आतंकियों को चुनौती दी। जवाब में आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
नियंत्रण रेखा पर बढ़ी सतर्कता
एलओसी के नजदीक लगातार घुसपैठ की कोशिशों को देखते हुए सेना ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। केरन सेक्टर में यह इस महीने का दूसरा बड़ा ऑपरेशन है, जिसमें घुसपैठ की कोशिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications