GST बिल लोकसभा में पास, PM बोले नया साल, नया कानून, नया भारत
जीएसटी बिल पारित होने पर पीएम ने खुशी जाहिर करते हुए देशवासियों को बधाई दी। वित्त मंत्री ने कहा कि डेडलाइन से पहले कानून लागू होने की पूरी संभावना है।
दिल्ली। आठ घंटे चली लंबी बहस के बाद जीएसटी बिल को लोकसभा में पास किया गया। लोकसभा में जीएसटी से जुड़े चार बिलों सेंट्रल जीएसटी, आईजीएसटी, यूटी-जीएसटी और कॉम्पेंसेशन जीएसटी को संशोधनों के साथ पारित किया गया।इसके पारित होते ही प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर देशवासियों को बधाई देते हुए लिखा - नया साल, नया कानून, नया भारत। उन्होंने इसे नए भारत का नया कानून करार दिया।

वित्त मंत्री ने कहा कि बनेगा नया इतिहास
बहुचर्चित और बहुप्रतीक्षित बिल के लोकसभा में पारित होने पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि हम एक इतिहास बनता हुआ देख रहे हैं क्योंकि इससे अप्रत्यक्ष कर का नया सिस्टम मिलेगा। जेटली ने कहा कि जीएसटी से जुड़े चार कानूनों को लोकसभा से पारित कराकर केंद्र ने एक बड़ा काम किया है और आगे बढ़ने की दिशा में यह एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है। वित्त मंत्री ने कहा कि बहुत आशावान हूं कि डेडलाइन से पहले कानून लागू कर दिया जाएगा।

'देश की जीडीपी में होगा इजाफा'
जीएसटी बिल लोकसभा से पास होने पर प्रतिक्रिया देते हुए देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह बेहद अहम बिल था और लागू होने के बाद निस्संदेह इससे देश की जीडीपी में इजाफा होगा।

जीएसटी बिल का विरोध करनेवाले मोइली ने क्या कहा?
कांग्रेस के वीरप्पा मोइली ने जीएसटी बिल के पास होने पर कहा कि वे इसका समर्थन करते हैं लेकिन विरोध और सवाल इसके पारित कराए जाने के तरीकों को लेकर है जो एक संप्रभु देश के खिलाफ है।

'तीन महीने पहले देंगे इसकी सारी जानकारी'
रेवेन्यू सेक्रेटरी एच अधिया ने जीएसटी बिल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि देश के व्यवसायियों से हमने वादा किया है कि जीएसटी लागू करने के कम से कम तीन महीने पहले इस कानून के बारे में सारी जानकारी देंगे और पूरी स्थिति स्पष्ट करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications