रूस की पाक में बढ़ती दिलचस्पी के बीच भारत आ रहे हैं राष्ट्रपति पुतिन
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन 14 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक भारत में होंगे। पुतिन यहां पर आंठवें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे जो कि 15 से 16 अक्टूबर तक गोवा में आयोजित होगा। इस दौरान पुतिन की मुलाकात भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी और दोनों के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

पाक के साथ हाल ही में बढ़ी करीबी
सीरिया में रूस की कार्रवाई को एक वर्ष पूरा होने वाला है और इस दौरान राष्ट्रपति पुतिन की दक्षिण एशिया के किसी देश में यह पहला बड़ा दौरा है।
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा हैं जब पहली बार रूस ने पाकिस्तान में अपनी सेनाओं को एक ज्चाइंट एक्सरसाइज के लिए भेजा और पाक के साथ एमआई-17 हेलीकॉप्टर की डील को मंजूरी दी।
आपको बता दें कि 10 अक्टूबर को रूस और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच एक ज्वाइंट वॉर एक्सरसाइज खत्म हुई है।
रूस से करीबी को बेकरार पाक
इससे पहले हाल ही में एक पाक राजनयिक ने अमेरिका में कहा है कि कश्मीर मुद्दे के लिए अब पाकिस्तान को रूस की ओर कदम बढ़ाने होंगे।
राष्ट्रपति पुतिन जब भारत आएंगे तो संभावना है कि पीएम मोदी पाक में पनप रहे आतंकवाद के अलावा कई और मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा एनएसजी में भारत की दावेदारी पर भी चर्चा होगी।
हीरों के व्यापार पर भी चर्चा
खबरें हैं कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच दोनों देशों के बीच हीरों के सीधे व्यापार को बढ़ावा देने वाले तरीकों पर भी बात होगी। दोनों नेता टैक्स में रियायतों और कस्टम की प्रक्रिया को सरल बनाने जैसे कई अहम मुद्दों पर बात कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications