ग्राउंड रिपोर्ट: कर्नाटक में 'ऑपरेशन MLA बचाओ' की हक़ीक़त

कर्नाटक
Getty Images
कर्नाटक

कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा मुख्यमंत्री बनते ही कुछ अफ़सरों के तबादले कर चुके हैं लेकिन लक्ष्य विधानसभा में होने वाले फ़्लोर टेस्ट पर है.

उसी फ़्लोर टेस्ट के पहले अपने विधायकों को 'बचा' कर रखने में जुटी है कांग्रेस पार्टी और जनता दल (सेक्यूलर).

इस डर से कि विधायक हाथ से न निकल जाएं. इसलिए दोनों दलों ने अपने विधायकों को बेंगलुरु से बाहर हैदराबाद भेज दिया है.

ज़रा ग़ौर कीजिए कि दोनों दलों ने ऐसा करने के पहले कितना 'माहौल बनाया' जिससे मीडिया को इसकी भनक न लगे.

कर्नाटक
Getty Images
कर्नाटक

निजी सुरक्षा और बाउंसर्स

गुरूवार दोपहर में कांग्रेस और जेडीएस के विधायकों को एयरकंडीशन बसों में विधानसभा लाया गया था जिससे वे शपथ ग्रहण के विरोध प्रदर्शन में शामिल हों.

इसके बाद दो बजे के क़रीब कांग्रेस विधायक, बेंगलुरु-मैसूर रोड पर ईगलटन रिसॉर्ट भेज दिए गए.

जेडीएस के विधायक शहर के नामचीन शांगरी-ला होटल में भेज दिए गए.

ख़ास बात ये है कि दोनों जगहों पर पार्टियों ने प्राइवेट सिक्योरिटी और बाउंसर्स तक तैनात कर रखे थे.

कर्नाटक
Getty Images
कर्नाटक

चैन की सांस

लेकिन खलबली तब मची जब कांग्रेस के एक विधायक बिना किसी को बताए अपनी गाड़ी में बैठे और रिसॉर्ट से शहर की तरफ़ चल दिए.

कांग्रेस खेमे में हड़कंप मच गया क्योंकि पहले से ही एक विधायक आनंद सिंह के 'लापता' रहने से झटका लगा था.

हालांकि डेढ़ घंटे बाद पता चला कि विधायक को बुख़ार आ गया था और वे अपने निजी डॉक्टर के पास गए थे.

उनके रिसॉर्ट लौटने से कांग्रेस पार्टी ने चैन की सांस ली.

इधर रिसॉर्ट पर विधायकों के परिवारवालों ने दस्तक देनी शुरू कर दी थी.

कर्नाटक
Getty Images
कर्नाटक

कहासुनी

शाम 6 बजे हमारे सामने एक विधायक के भतीजे एक आलीशान गाड़ी में बैठ रिसॉर्ट के एक गेट पर पहुंचे.

प्राइवेट गार्ड्स ने उन्हें भीतर जाने से रोका और इसे लेकर लंबी कहासुनी भी हुई.

रिसॉर्ट एक बाहर कुछ ऐसे लोग भी दिखने लगे जो 'अनजाने' से दिख रहे थे.

एक गार्ड ने कहा, "ये दूसरे खेमे के लगते हैं. यहाँ की टोह ले रहे हैं".

अब तक कांग्रेस ये मन बना चुकी थी कि विधायकों को बेंगलुरु ही नहीं प्रदेश में रखना घातक साबित हो सकता है.

देर शाम ये ख़बर उड़वा दी गई कि विधायक कोच्चि भेजे जा रहे हैं. तीन प्राइवेट चार्टर्ड प्लेनों के आने की ख़बर भी उड़ रही थी कि प्लेन विधायकों को ले जाने के लिए आ रहे हैं.

लेकिन जानकारों के मुताबिक़ हक़ीक़त यही थी कि दरअसल विधायकों को बस से ही रवाना करना था.

कर्नाटक
Getty Images
कर्नाटक

कहाँ से कहाँ तक

बसों ने चलना शुरू किया पुडुचेरी की तरफ़, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें हैदराबाद की तरफ़ मोड़ दिया गया.

इस बीच बेंगलुरु में जेडीएस विधायकों को शांगरी-ला होटल में दो बड़ी बसों में बैठाया गया और उन्हें कोच्चि के रास्ते पर रवाना कर दिया.

बस में बैठे एक विधायक ने बीबीसी से बताया कि उन्हें भी पता था कि वे कोच्चि जा रहे हैं. लेकिन रातोंरात बस को हैदराबाद की तरफ़ मोड़ दिया गया.

उन्होंने कहा, "अब हम हैदराबाद में हैं और उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट विधान सभा में फ़्लोर टेस्ट के लिए दी गई 15 दिन की समय सीमा को घटा कर 7 दिन कर देंगे. इससे हमारा तनाव तो कम होगा".

फ़िलहाल दोनों पार्टियों के विधायक कर्नाटक से बाहर पहुँचा दिए गए हैं.

जबकि भारतीय जनता पार्टी ने 'हॉर्स-ट्रेडिंग' जैसी किसी चीज़ से इनकार करते हुए दोनों पार्टियों पर अपने विधायकों को 'दबा कर रखने' का आरोप लगाया है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+