'क्या पाकिस्तानी फौज में है आपका भाई?' कराची से शादी के लिए नोएडा आई सीमा हैदर ने दिया जवाब
Pakistani woman pubg girlfriend: सनी देओल और अमीषा पटेल की फिल्म गदर का सेकंड पार्ट 'गदर-2' तो बड़े पर्दे पर 11 अगस्त को रिलीज होगा, लेकिन इससे पहले ही पाकिस्तान से कनेक्शन वाली एक लव स्टोरी भारतीय मीडिया में जबरदस्त तरीके से छाई हुई है।
ये लव स्टोरी है पाकिस्तान के कराची में रहने वाली 27 साल की सीमा गुलाम हैदर और यूपी के ग्रेटर नोएडा में रहने वाले 22 साल के सचिन सिंह की।

दोनों पहली बार कैसे मिले, कैसे इनकी लव स्टोरी आगे बढ़ी और बिना वीजा के सीमा गुलाम हैदर कैसे कराची से ग्रेटर नोएडा पहुंची? ये पूरी कहानी हम आपको बाद में बताएंगे, लेकिन इस प्रेम कहानी का ताजा अपडेट ये है कि सीमा और सचिन को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल सीमा जब अपनी पहचान छिपाकर सचिन से कोर्ट मैरिज की तैयारियों में लगी थी, तो वकील को महिला के पाकिस्तानी होने पर शक हुआ और उसने मामले की खबर पुलिस को दे दी।
इधर पुलिस को खबर लगी और उधर सीमा और सचिन ऑटो पकड़कर ग्रेटर नोएडा से फरार हो गए। हालांकि दोनों ज्यादा देर तक पुलिस की नजरों से बच नहीं पाए और हरियाणा के बल्लबगढ़ से पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद भी सीमा का साफ-साफ कहना है कि वो सचिन से बहुत प्यार करती है और उसके लिए पाकिस्तान में अपना सबकुछ छोड़कर आ गई है।
'सचिन के साथ ही रहना चाहती हूं, वापस नहीं जाना'
मीडिया से बात करते हुए सीमा गुलाम हैदर ने कहा, 'मैं अब सचिन के साथ ही रहना चाहती हूं और उन्हीं से शादी करना चाहती हूं। मुझे यहीं रहना है और पाकिस्तान वापस नहीं जाना। मैं सचिन से इतना प्यार करती हूं कि इनके लिए सबकुछ छोड़ आई हूं। मैं अपने भाइयों या किसी रिश्तेदार को कुछ बताकर नहीं आई हूं।'
'यूट्यूब पर सर्च किया कराची से इंडिया का रास्ता'
सीमा से जब पूछा गया कि उन्हें पाकिस्तान से भारत आने का रास्ता कैसे पता चला तो उन्होंने बताया, 'मैंने यूट्यूब पर रास्ता और तरीके सर्च किए और इसके बाद भारत आ गई। सही-सही तो याद नहीं, लेकिन यहां आने में कुछ दिन लगे। हम दोनों रात में 2-3 घंटे पबजी खेलते थे और उसी दौरान बात करते थे।' इस दौरान सीमा से जब पूछा गया कि क्या उनका भाई या कोई रिश्तेदार पाकिस्तानी आर्मी में हैं तो उन्होंने कहा- नहीं।
नेपाल में कई दिन साथ रहे सचिन और सीमा
वहीं, सचिन ने भी सीमा से मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया, 'हमारी मुलाकात पबजी गेम पर हुई थी। ये नेपाल आईं थी और 10 मार्च को हम दोनों नेपाल में मिले थे। मिलने के बाद हम दोनों कुछ दिन वहां पर रहे और इसके बाद ये पाकिस्तान वापस चली गईं। इसके बाद वो अब भारत आईं और हम दोनों इधर-उधर घूम रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने हमें पकड़ लिया। हमारी सरकार से बस यही मांग है कि हम दोनों की शादी करा दी जाए।'
सचिन ने यह भी बताया कि सीमा के पाकिस्तान से भारत आने का प्लान कैसे बनाया गया। उसने कहा, 'यूट्यूब पर हम दोनों ने सर्च किया कि कैसे-कैसे और किधर से निकलना होगा और इसके बाद पाकिस्तान से भारत आने की प्लानिंग की। मैं अब भी सीमा से बहुत प्यार करता हूं। मेरी बस यही मांग है कि सरकार हमारा घर बसा दे।'
पाकिस्तानी पासपोर्ट से खुली सीमा हैदर की पोल
आपको बता दें कि इस मामले में अभी तक की जानकारी से पता चला है कि पबजी गेम पर सचिन और सीमा हैदर की मुलाकात हुई। दोनों के बीच बातें हुईं और इसके बाद सचिन और सीमा ने नेपाल में मिलने का प्लान बनाया। वहां दोनों कुछ दिन साथ रहे और इसके बाद दोनों अपने-अपने मुल्क लौट आए। सचिन के साथ घर बसाने के लिए सीमा ने कराची में अपना घर बेचा और अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते होकर भारत आ गई। यहां आकर वो सचिन से शादी करने की प्लानिंग कर ही थी कि उसके पाकिस्तानी पासपोर्ट से सारी पोल खुल गई।












Click it and Unblock the Notifications