खत्म हो रहा 9 राज्यों में राज्यपाल का कार्यकाल, क्या वीके सिंह, अश्विनी चौबे समेत कई टॉप BJP लीडर रेस में?
लोकसभा चुनाव के बाद अब 9 राज्यों में राज्यपालों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। ऐसे में गवर्नर की नियुक्ति पर राजनीतिक दलों की निगाहें हैं। राज्यपालों की नियुक्ति को लेकर इस बीच अटकलें भी तेज हैं। बीजेपी ने इस बार चुनाव में अपने कई दिग्गज नेताओं को मौका नहीं दिया था। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि उन्हें राज्यपाल के पद ऑफर किए जा सकते हैं। हालांकि इस बार बीजेपी की सीटें कम हैं, ऐसे में राज्यपाल पद के लिए बीजेपी नेताओं की नियुक्ति थोड़ा टेढ़ी खीर जरूर साबित हो सकती है। ऐसे में बीजेपी को एनडीए में शामिल दलों को विश्वास में लेना जरूरी है।
इस बार 9 राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति को लेकर बीजेपी सहयोगी दलों को साथ लिए बिना फैसला नहीं कर सकती है।सरकार का संतुलन बनाए रखने के लिए राज्यपाल के कुछ पद भाजपा को एनडीए के सहयोगी दलों को भी देने होंगे। हालांकि कुछ बीजेपी दिग्गज नेताओं के नाम राज्यपाल पद के लिए आगे चल रहे हैं। जिसमें पू्र्व केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, अश्विनी चौबे समेत कई बड़े नेताओं के नामों की चर्चा है।

राज्यपाल पद के लिए इन बीजेपी नेताओं के नामों की चर्चा
राज्यपाल पद के लिए बीजेपी नेताओं की बात करें तो बिहार में अश्विनी चौबे को लोकसभा टिकट नहीं दिया था, उत्तर प्रदेश में वीके सिंह ने लोकसभा चुनाव का उम्मीदवा घोषित होने से पहले ही चुनाव ना लड़ने का ऐलान कर दिया था। वहीं दिल्ली में डॉ. हर्षवर्धन सिंह को भाजपा ने चुनावी मैदान में नहीं उतारा था। इन तीनों नाम चर्चा में आगे हैं।
बिहार में पशुपति पारस का नाम
लोकसभा चुनाव में भाजपा ने चिराग के समर्थन के लिए पशुपति पारस के साथ कई बैठक की थी। हालांकि पारस पहले चिराग पासवान का साथ देने के लिए राजी नहीं हुए। लेकिन बाद बात बन गई। इस बीच दावा किया गया कि पशुपति पारस को राज्यपाल का पद ऑफर किया जाएगा। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि भाजपा पशुपति पारस को राज्यपाल बनाया जा सकता है।
चुनाव में ये हारे उम्मीदवार भी चर्चा में
इस बार लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने अपनी कई सीटें गवां दी। हारने वाली बीजेपी प्रत्याशियों की लिस्ट में कई बीजेपी दिग्गज भी शामिल हैं। इस बार मेनका गांधी, महेंद्र नाथ पांडेय जैसे नेता अपनी सीट नहीं बचा पाए। लेकिन अब राज्यपाल पद के लिए इन दोनों नामों की भी चर्चा है।
इन राज्यपालों का खत्म हो रहा कार्यकाल
उत्तर प्रदेश में आनंदी बेन पटेल, राजस्थान में कलराज मिश्र, गुजरात में आचार्य देवव्रत, केरल में आरिफ मोहम्मद खान, हरियाणा में बंडारू दत्तात्रेय, महाराष्ट्र में रमेश बैस, मणिपुर में अनुसुइया उइके, मेघालय में फागू चौहान और पंजाब में बनवारी लाल पुरोहित का राज्यपाल के पद पर कार्यकाल खत्म होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications