गवर्नर सत्यपाल मलिक ने NC के डेलिगेशन को दी फारूक, उमर अब्दुल्ला से मिलने की इजाजत
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के गवर्नर सत्यपाल मलिक ने शनिवार को राज्य की विपक्षी पार्टी नेशनल कांफ्रेंस के एक प्रतिनिधिमंडल को कश्मीर घाटी में नजरबंद पार्टी अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला और उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला से मिलने की इजाजत दे दी। पार्टी के प्रवक्ता मदन मंटू ने बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में 15 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल रविवार सुबह जम्मू से इंडिगो की उड़ान से श्रीनगर के लिए रवाना होगा। इसमें पार्टी के कई पूर्व विधायक शामिल हैं।

उन्होंने आगे बताया कि दोनों नेशनल कांफ्रेंस के नेताओं से हिरासत में मिलने की अनुमति का संदेश प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने राणा को दिया। राज्य से अनुच्छेद 370 हटने के करीब दो महीने के बाद राणा को घर से बाहर निकलने की अनुमति दी गई। राणा ने गुरुवार को गर्वनर से कहा था कि उनकी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल अपने पार्टी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से मिलना चाहता था। इसके लिए उन्हें अनुमति दी जाए, ताकि वो पार्टी के भविष्य को लेकर उनसे बात कर सकें।
गौरतलब है कि राणा केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह के छोटे भाई हैं, जिन्हे केंद्र सरकार के सूबे से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद प्रशासन ने घर के अंदर नजरबंद किया था। बुधवार शाम को जम्मू में लगभग एक दर्जन विपक्षी नेताओं से प्रतिबंध हटा दिया था। जबकि कश्मीर में मुख्यधारा के अन्य नेताओं को हिरासत में रखा गया है। वहीं फारुक अब्दुल्ला को सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है।
ये भी पढ़ें- कश्मीर में अल्पसंख्यकों के लिए घड़ियाली आंसू बहाने वाले पाकिस्तान की खुल गई पोल












Click it and Unblock the Notifications