संसद में पहली बार गृह मंत्रालय का ऐलान, देश में NRC पर नहीं लिया गया अभी कोई फैसला
Recommended Video
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर यानी एनआरसी लागू करने को लेकर अभी कोई फैसला केंद्र की एनडीए सरकार ने नहीं किया है। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने एनआरसी को लेकर पूछे सवाल के जवाब में लोकसभा में अपने लिखित जवाब में ये बात कही है। उनकी ओर से कहा गया है कि अभी तक पूरे देश में एनआरसी कराने को लेकर ना कोई फैसला हुआ है और ना ही कोई तैयारी शुरू हुई है।

संसद सदस्य चंदन सिंह और नमा नागेश्वर राव ने प्रश्न किया था कि क्या सरकार की पूरे देश में एनआरसी लाने जा रही है? गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लिखित उत्तर में कहा, अभी तक एनआरसी को राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
संसद के बीते सत्र में सरकार नागिरकता कानून लेकर आई थी। तभी केंद्रीय गृह मंत्री ने देशभर में एनआरसी कराने की भी बात कही थी। शाह के इस बयान के बाद पूर्वोत्तर के कई राज्यों और देश के अन्य हिस्सों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए थे। असम, त्रिपुरा और बंगाल में सबसे ज्यादा हिंसा हुई थी। नागिरकता संशोधन कानून पास होने के बाद से ही देश में इसका भारी विरोध हो रहा है। एनआरसी को लेकर लगातार लोग सवाल कर रहे हैं। कुछ समय पहले एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा था कि अभी तक एनआरसी को लेकर कोई बैठक नहीं हुई है। अब गृह मंत्रालय ने भी कहा है कि अभी इसकी तैयारी नहीं हुई है।
बजट सत्र का मौजूदा सत्र एनआरसी और सीएए को लेकर अब तक हंगामेदार रहा है। संसद में विपक्ष लगातार सीएए और एनआरसी पर विरोध दर्ज करा रहा है। सोमवार को कांग्रेस सदस्यों ने नारेबाजी की थी। उससे पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान भी कांग्रेस ने विरोध जताया था।












Click it and Unblock the Notifications