पीएम मोदी के घर पर मीटिंग, आज हो सकता है देश के पहले CDS का ऐलान
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर पर इस समय कैबिनेट की मीटिंग चल रही है। बताया जा रहा है कि सरकार की तरफ से अब से कुछ घंटों बाद देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) और उनकी ड्यूटी का ऐलान किया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो इस बात की संभावनाएं बहुत ज्यादा है कि सरकार वर्तमान सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को सीडीएस के तौर पर नियुक्त कर सकती है। पीएम मोदी ने इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से ऐलान किया था कि जल्द ही देश में सीडीएस की नियुक्ति की जाएगी।

क्या होंगी CDS की जिम्मेदारियां
जनरल बिपिन रावत इस माह की 31 तारीख को रिटायर हो रहे हैं। उनकी जगह पर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवाणे देश के अगले सेना प्रमुख होंगे। इसके अलावा एक नई थियेटर कमांड के बारे में भी घोषणा की जा सकती है। सीडीएस के पास यह पावर होगी कि वह तीनों सेना प्रमुखों को निर्देश दे सकेगा।सीडीएस के बारे में फैसला लेने वाले कमेटी जिसके मुखिया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोवाल हैं, उसकी तरफ से अभी चार्टर को लॉन्च किया जाना बाकी है। इस मामले पर करीब से नजर रख रहे लोगों की तरफ से कहा गया है कि सीडीएस चीफ, सरकार को मिलिट्री के मसलों पर सलाह देने वाला शख्स होगा। कारगिल की जंग के बाद बनाई गई कारगिल रिव्यू कमेटी के अध्यक्ष के सुब्रहमण्यम की तरफ से पहली बार सीडीएस का प्रस्ताव सरकार को दिया गया था। फोर स्टार जनरल करेगा लीड सीडीएस, बीजेपी सरकार की ओर से सेनाओं से जुड़ा एक बड़ा बदलाव होगा। सीडीएस के तहत एक फोर स्टार जनरल, इसे लीड करेगा। इसमें सेनाओं को एक साथ मिलकर ऑपरेशन की तैयारी और उनके आधुनिकीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications