Republic Day: गूगल भी डूडल के जरिए खास अंदाज में मना रहा है भारत का 69वां गणतंत्र दिवस
नई दिल्ली। आज भारत देश अपना 69वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मना रहा है, देश के इस राष्ट्रीय पर्व के जश्न में सर्च इंजन गूगल भी शामिल हो गया है। उसने अपना आज का डूडल गणतंत्र दिवस को समर्पित किया है। आज का डूडल बहुत ही सुंदर और मनमोहक है। नीले और कई सारे रंगों के जरिए डूडल में भारत की सांस्कृतिक विरासत को दिखाया गया है। डूडल में आपको हाथी, ऊंट के अलावा महिला और पुरुष भी दिख रहे हैं जो कि बांसुरी, ढफली और दुंदुभी बजा रहे हैं।

खुद गूगल ने इस बारे में एक पोस्ट लिखा है कि गणतंत्र दिवस के मौके पर बनाए गए इस खास डूडल में दिखाई दे रही ज्यामितीय आकृतियां विभिन्न राज्यों के पारंपरिक रंगों से प्रेरित हैं। इसमें आगे की ओर पूरे देश के अनोखे यूनीक क्राफ्ट्स, संगीत और पारंपरिक प्रथाओं के प्रतीक को दर्शाया गया है। आप इस डूडल में एक आदमी को प्राचीन संगीत वाद्ययंत्र स्रिंगा बजाते देख सकते हैं।
आज भारत का 69वां गणतंत्र दिवस
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस भारत का राष्ट्रीय पर्व है जो हर साल 26 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन 1950 को भारत सरकार अधिनियम (एक्ट) (1935) को हटाकर भारत का संविधान लागू किया गया था। आज भारत का 69वां गणतंत्र दिवस है। दिल्ली के राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड को देखने के लिए इस बार आसियान देशों के 10 प्रमुख मुख्य अतिथि आए हुए हैं। इस बार की परेड करीब 90 मिनट तक चलेगी।
सैन्य ताकत और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन
Recommended Video

इसमें देश की सैन्य ताकत और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन होगा। यह पहला मौका है जब गणतंत्र दिवस परेड में 10 राष्ट्राध्यक्ष एक साथ शामिल हो रहे हैं। इन 10 देशों के नाम हैं ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाइलैंड और वियतनाम।












Click it and Unblock the Notifications