आजादी के 75 साल में 600 गुना बढ़ीं सोने की कीमतें, 1947 में सिर्फ इतना था दाम
नई दिल्ली: पिछले दो-तीन सालों से सोने के भाव में काफी ज्यादा तेजी दिख रही है, जहां 24 कैरेट सोना 50 हजार के पार ही रहता है। दिवाली के आसपास इसके दाम में और ज्यादा तेजी देखे जाने की संभावना है, लेकिन क्या आपको पता है कि भारत में एक वक्त ऐसा भी था जब एक तोला सोना 100 रुपये से भी कम दाम में मिलता था।

आजादी के वक्त कितनी थी कीमत?
जब 75 साल पहले 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ था, तो उस वक्त सोना प्रति 10 ग्राम 88.62 रुपये बिकता था। आजादी के एक साल बाद सोने के दाम में थोड़ा उछाल आया, उस दौरान सोने की कीमतें 95.87 रुपये प्रति तोला पहुंच गईं। वहीं अब इसकी कीमत (24 कैरेट) 52,690 रुपये से ज्यादा है। ऐसे में देखा जाए तो पिछले 75 सालों में भारत में सोने की कीमतों में 600 गुना से ज्यादा की वृद्धि हुई है। आने वाले दिनों में ये रिकॉर्ड भी टूट सकता है।

1959 में 100 रुपये के पार पहुंचा
आजादी के बाद सोने की कीमते बढ़ती गईं, लेकिन 1953 में इसमें बड़ी गिरावट देखने को मिली। उस दौरान सोने की कीमत 73.06 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई थी। इसके बाद 1963 तक सोने के भाव में तेजी देखी गई, फिर 1964 में रिकॉर्ड गिरावट आई। उस दौरान एक तोले की कीमत 63.25 रुपये हो गई थी, जो आजादी के पहले हुआ करती थी। वहीं 1959 में पहला मौका आया था, जब सोने की कीमतों ने सैकड़े को पार किया और प्रति 10 ग्राम की कीमत 102.56 रुपये हो गई थी।

आज क्या है रेट?
भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने के दाम में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। अभी 10 ग्राम 22 कैरेट सोना 48150 रुपये में मिल रहा, जबकि 24 कैरेट सोना 52530 रुपये में 10 ग्राम (एक तोला) मिल रहा।












Click it and Unblock the Notifications