राधे मां ने रखा एक्टिंग की दुनिया में कदम, फिल्म 'राह दे मां' का ट्रेलर OUT, यहां देखें
मुंबई। खुद को मां दुर्गा का अवतार कहने वाली विवादित गॉड मदर राधे मां एक बार फिर से सुर्खियों में है, वजह इस बार उनका कोई जगराता या त्रिशूल नहीं है बल्कि इस बार वजह बनी है उनकी आने वाली फिल्म, जी हां राधे मां वेब सीरीज 'राह दे मां' से एक्टिंग के क्षेत्र में भाग्य आजमाने जा रही है। इस सीरीज की खासियत ये है कि इसके जरिए राधे मां अपना ही रीयल किरदार प्ले कर रही हैं, इस फिल्म में उनके भक्तों की कहानी दिखाई जाएगी, फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जो इस वक्त सोशल मीडिया के हॉट टॉपिक्स में से एक है।

राधे मां का मतलब भी बताया गया है फिल्म में
मीडिया सूत्रों के मुताबिक पिछले कुछ समय से राधे मां को लेकर कई तरह के विवाद सामने आए जिसके बाद एक्टिंग के इस कदम को राधे मां के द्वारा अपनी छवि सुधारने का प्रयास करने के तौर पर देखा जा रहा है। इस वेब सीरीज के प्रोड्यूसर रम्मन हांडा हैं, इसमें राधे मां का मतलब भी बताया गया है, शो की शूटिंग राधे मां के भव्य बंगले पर ही हुई है।

राधे मां पर लगा सनसनीखेज आरोप
आपको बता दें कि अपने आप को धर्मगुरु कहने वाली राधे मां साल 2015 में विवादों में तब आईं जब उनके ऊपर एक मॉडल ने धर्म की आड़ में सेक्स रैकेट चलाने का आरोप लगाया। उसने कहा था कि मां ने उसके घरवालों को दहेज के लिए भड़काया है। जिसके चलते उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया है।

कौन हैं राधे मां?
राधे मां का जन्म पंजाब के दोरांगला गांव में हुआ था। उनका असली नाम सुखविंदर कौर है। बताया जाता है कि 17 साल की उम्र में उनकी शादी मोहन सिंह से हुई थी लेकिन शादी के चार साल बाद उन्हें और उनके दो बच्चों को पति छोड़कर भाग गया। वो शुरु से ही प्रभु लीला में व्यस्त रहती थीं, उन्हें पूजा-पाठ का काफी शौक था इसलिए जब पति की ओर से उन्हें आघात लगा तो उन्होंने गुरु मां बनने का फैसला किया, ऐसा उनके सेवादार कहते हैं।

मां दुर्गा से साक्षात्कार करती हैं राधे मां
मुंह बंद कर बस मुस्कुराते रहना उनका सिग्नेचर स्टाइल है। वो लाल रंग के वस्त्र पहनती हैं और उनके हाथ में एक त्रिशूल हमेशा रहता है, ऐसा कहा जाता है कि वो इसी के जरिए मां दुर्गा से साक्षात्कार करती हैं। राधे मां की वेबसाइट पर उनसे संपर्क करने के लिए जिन दो लोगों के नाम हैं उनमें छोटी मां के अलावा टल्ली बाबा है। टल्ली बाबा ही राधे मां से मिलने की इच्छा रखने वाले भक्तों को नापते तोलते हैं। वैसे आपको बता दें कि साल 2015 में मॉडल के आरोप लगाने के बाद राधे मां लगातार आरोपों के घेरे में हैं, उन पर जिस्मफरोशी, अश्लील हरकतें करना जैसे कई संगीन आरोप लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications