एम्स में इलाज करा रहे गोवा के सीएम मनोहर पर्रिकर ने दो बीमार मंत्रियों को हटाया
पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने अपने दो मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर कर दिया है। जानकारी के मुताबिक दोनों मंत्रियों को बीमारी की वजह से हटाया गया है। उनकी जगह मुख्यमंत्री पर्रिकर ने दो नए चेहरों को कैबिनेट में जगह दी है। गोवा के मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है। ये पूरा मामला ऐसे समय में सामने आया है जब गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर खुद दिल्ली के एम्स में इलाज करा रहे हैं।

मनोहर पर्रिकर ने लिया बड़ा फैसला
गोवा के मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीएम मनोहर पर्रिकर ने दो मंत्रियों फ्रांसिस डिसूजा और पांडुरंग मडकईकर को मंत्रिमंडल से बाहर करने की सिफारिश की थी। फ्रांसिस डिसूजा गोवा सरकार में शहरी विकास मंत्री थे, वहीं पांडुरंग मडकईकर बिजली मंत्री थे। दरअसल दोनों ही मंत्री पिछले कुछ समय से बीमार हैं और उनका इलाज चल रहा है। इसी की वजह से गोवा के मुख्यमंत्री ने उन्हें हटाने का फैसला लिया है।

बीमार चल रहे दो मंत्रियों को हटाया, दो नए मंत्रियों की कैबिनेट में एंट्री
गोवा सरकार में मंत्री रहे पांडुरंग मडकईकर को जून में ब्रेन स्ट्रोक की वजह से मुंबई के एक प्राइवेट अस्पताल में भरती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं फ्रांसिस डिसूजा इलाज के सिलसिले में अमेरिका में हैं। गोवा कैबिनेट से इन दोनों मंत्रियों को हटाए जाने के बाद उनकी जगह बीजेपी नेता नीलेश काबराल और मिलिंद नाइक को कैबिनेट में जगह दी गई है।

अमित शाह ने गोवा कैबिनेट में बदलाव की कही थी बात
सीएम ऑफिस से जुड़े अधिकारी ने बताया कि सोमवार को नीलेश काबराल और मिलिंद नाइक राज्यपाल मृदुला सिन्हा मंत्री पद की शपथ दिलाएंगी। मिलिंद नाइक पिछली लक्ष्मीकांत पारसेकर सरकार में बिजली मंत्री रहे हैं, नीलेश काबराल पहली बार मंत्री पद की शपथ लेंगे। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को ही एक बयान में कहा था कि मनोहर पर्रिकर गोवा के मुख्यमंत्री बने रहेंगे, लेकिन मंत्रिमंडल में बदलाव किए जा सकते हैं। उनके इस ऐलान के बाद सरकार में जरूरी बदलाव सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications