गाजियाबाद: चलते ऑटो रिक्शा में छात्रा को 32 मिनट तक बंधक बनाया, छेड़छाड़ मारपीट के बाद सड़क पर फेंका
गाजियाबाद। दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ गाजियाबाद में कथित तौर पर छेड़छाड़ और लूटपाट की गई है। 18 साल की छात्रा को ऑटो रिक्शा में बंधक बनाकर आधे घंटे तक सड़कों पर घुमाया जाता रहा और उसके साथ बदतमीजी की जाती रही। पीड़ित इलेक्ट्रॉनिक सिटी नोएडा के पास से ऑटो में सवार हुई थी। छात्रा के साथ ऑटो में सवार चार बदमाश ने छेड़छाड़ और लूटपाट की।

लूटपाट और छेड़छाड़ की गई
नोएडा के इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास से शेयरिंग ऑटो में सवार हुई डीयू की बीकॉम फर्स्ट ईयर की छात्रा को ड्राइवर समेत चार बदमाशों ने बंधक बना लिया। इस दौरान बदमाशों ने उसके बैग से सामान भी निकाल लिया। छात्रा के साथ मारपीट और छेड़छाड़ भी की गई। करीब आधे घंटे उसको बंधक बनाने के बाद बदमाश उसे लिंक रोड के पास ऑटो से धक्का देकर फरार हो गए।

पुलिस ने दिखाया गैरजिम्मेदाराना रवैया: छात्रा के पिता
बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद छात्रा ने अपने पिता को फोन कर बुलाया घटना की जानकारी दी। छात्रा के पिता का कहना है कि गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद जिलों की पुलिस के बीच काफी देर तक मामला उलझा रहा। वहीं पुलिसकर्मी कभी घटनास्थल पर जाकर विडियो बनाते रहे तो कभी थाने में इधर-उधर की बात करते रहे। छात्रा को चोट लगी थी लेकिन उसका ख्याल ना कर पुलिस कार्रवाई में देर करती रही। बाद में उच्चाधिकारियों के दखल के बाद गाजियाबाद के विजयनगर थाने में इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई। एसएसपी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि छात्रा के बयान के अनुसार इस बार भी ऑटो में ड्राइवर समेत चार बदमाश सवार थे। पुलिस का कहना है कि विशेष टीम मामले की जांच में जुटी है।

तीन दिन पहले हुई थी ऐसी ही वारदात
गाजियाबाद में तीन दिन पहले भी शेयरिंग ऑटो में सवार महिला डेंटिस्ट के साथ हुई लूट की वारदात हुई थी। महिला डेंटिस्ट से मारपीट और लूटपाट के बाद बदमाशों से उन्हें सुनसान जगह पर ऑटो से उतार दिया था। करीब दो घंटे तक महिला को घुमाया जाता रहा था। बदमाशों ने पिन पूछकर उनके खाते से 20 हजार रुपए निकाल लिए थे।












Click it and Unblock the Notifications