गाजीपुर: बिना हेलमेट बाइक सवार को रोकना पड़ा भारी, युवकों ने पुलिसकर्मी को दौड़ाकर पीटा, फाड़ी वर्दी
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में बिना हेलमेट के जा रहे दो संदिग्ध लड़कों को रोककर चालान करना सादात थाने के पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। दरअसल, मोबाइल नेटवर्क ना मिलने से पुलिसकर्मी जुर्माने की रसीद नहीं दे पाए, इसके बाद बाइक सवार युवकों ने अपने साथियों के साथ पुलिस वालों पर हमला कर दिया। सादात थाने में तैनात कॉन्स्टेबल प्रमोद सिंह को इन युवकों ने दौड़ाकर पीटा।

पुलिसकर्मी की फाड़ी वर्दी
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हमलावरों की पहचान की जा रही है और पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खबरों के मुताबिक, एक लड़के की पहचान कर ली गई है, जो पहाड़पुर का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है, इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दो युवकों ने सरेआम पुलिसकर्मी को पीटा
वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक किस प्रकार पुलिसकर्मी की सरेआम पिटाई कर रहे हैं और आसपास भीड़ जमा है। इनमें से एक युवक ने पुलिसकर्मी का हेलमेट फेंक दिया जबकि दूसरा युवक बार-बार पुलिसकर्मी को पकड़कर घसीटने की कोशिश कर रहा था। पुलिसकर्मी इधर-उधर भागकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था लेकिन कोई उसकी मदद के लिए नहीं आया। इस दौरान, पुलिसकर्मी को धक्का देकर दोनों युवकों ने गिरा दिया और उसके बाद पिटाई करने लगे।

बिना हेलमेट जा रहे बाइक सवार को रोकने पर बढ़ा बवाल
वीडियो में सुना जा सकता है कि एक युवक कॉन्स्टेबल पर पैसे लेने का आरोप लगा रहा है। जब इस मामले में सादात थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य से जानकारी ली गई, उन्होंने बताया कि कॉन्स्टेबल प्रमोद सिंह और थाने के एक दारोगा साथ थे। इन्हें दो लड़के संदिग्ध लगे तो पुलिसकर्मी चेकिंग करने लगे, जिसके बाद इस तरह की स्थिति आ गई। पुलिसकर्मी जब पहाड़पुर गांव से लौट रहे थे, इन लड़कों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। इन युवकों की शिनाख्त कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications