राजनीति के अखाड़े में उतरे गीता-बबीता के पिता महावीर फोगाट, इस पार्टी में हुए शामिल
पहलवान गीता फोगाट और बबीता फोगाट के पिता महावीर सिंह फोगाट अब सियासत के अखाड़े में उतर गए हैं। जानिए किस पार्टी में हुए हैं शामिल?
नई दिल्ली। द्रोणाचार्य अवार्डी और पहलवानी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले कोच महावीर फोगाट अब सियासत के अखाड़े में उतर गए हैं। मशहूर कुश्ती पहलवान गीता और बबीता फोगाट के पिता महावीर सिंह ने सोमवार को अपनी नई सियासी पारी की शुरुआत की। महावीर सिंह फोगाट इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) से निष्कासित किए गए दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) में शामिल हो गए हैं। पार्टी ने महावीर सिंह को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उन्हें खेल प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने सोमवार को दिल्ली में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें 6 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए।

कौन हैं महावीर सिंह फोगाट
द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान महावीर फोगाट अंतरराष्ट्रीय कुश्ती पहलवान गीता फोगाट और बबीता फोगाट के पिता हैं। हरियाणा के भिवानी जिले में बलाली गांव के रहने वाले महावीर सिंह फोगाट दिल्ली के मशहूर चांदगी राम अखाड़ा की शान रह चुके हैं। फिल्म दंगल में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता आमिर खान ने महावीर सिंह फोगाट का किरदार निभाया था। अपने राज्य हरियाणा के कुश्ती चैंपियन रहने के अलावा वे भारतीय कुश्ती टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। हरियाणा जैसे पितृसत्तात्मक राज्य में महावीर सिंह फोगाट ने अपनी सभी बेटियों को कुश्ती के मैदान में उतारा। उनकी बेटी गीता फोगाट (55 किलो वर्ग) में भारत की ओर से 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली महिला पहलवान हैं। साल 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में उनकी बेटी बबीता ने भी गोल्ड मेडल जीता था।

फोगाट को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह
दिल्ली में आयोजित जननायक जनता पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में अजय चौटाला से चर्चा के बाद विभिन्न पदाधिकारियों की घोषणा की गई। महावीर फोगाट को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी गई है। फिलहाल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नाम की घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही अध्यक्ष पद पर नाम की घोषणा की जाएगी। वहीं, महावीर फोगाट के शामिल होने को पार्टी के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

ये बनाए गए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
जननायक जनता पार्टी के पदाधिकारियों में ओमप्रकाश चौटाला के पुराने साथियों और इनेलो में अहम पदों पर रह चुके लोगों को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। अहीरवाल से संबंध रखने वाले राव कंवर सिंह कलवाड़ी, अनंत राम तंवर, पूर्व विधायक पंडित रामकुमार गौतम, पूर्व आईएएस किरपा राम पूनिया और सोनीपत के तेलूराम जोगी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। रामकुमार गौतम इससे पहले भारतीय जनता पार्टी में विधायक दल के नेता भी रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications