गैंगस्टर काला जठेड़ी IVF से क्यों बनना चाह रहा है पिता? तिहाड़ से आकर 'लेडी डॉन' अनुराधा चौधरी से की शादी
Gangster Kala Jathedi IVF: हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी अब IVF तकनीक के जरिए पिता बनने की तैयारी में है। दिल्ली की द्वारका जिला अदालत ने उसे इसके लिए चिकित्सकीय अनुमति दे दी है। खास बात यह है कि जठेड़ी ने तिहाड़ जेल से बाहर आकर 12 मार्च 2024 को राजस्थान की 'लेडी डॉन' अनुराधा चौधरी से शादी की थी।
काला जठेड़ी ने अदालत में याचिका दायर कर छह घंटे की अंतरिम हिरासत (पैरोल) मांगी थी, ताकि वह IVF प्रक्रिया के तहत वीर्य का सैंपल दे सके। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश दीपक वासन की अदालत ने दंपति को संतान प्राप्ति की इच्छा और वंशावली सुरक्षित रखने की भावना को देखते हुए इसकी अनुमति दी।

इसके बाद गुरुग्राम की एक IVF टीम ने तिहाड़ जेल में वीर्य संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। सैंपल को IVF लैब में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उसकी पत्नी अनुराधा का इलाज चल रहा है।
काला जठेड़ी की पत्नी अनुराधा चौधरी कौन हैं?
अनुराधा चौधरी राजस्थान के सीकर जिले के अलफासर गांव की रहने वाली हैं। उनका जन्म रामदेव सिंह महला और बिमला देवी के घर हुआ था। मां के देहांत के बाद उन्होंने फतेहपुर के चामड़िया कॉलेज से BCA और फिर MBA किया। उनकी पहली शादी दीपक मिंज से हुई थी, जिसके साथ उन्होंने शेयर बाजार में निवेश किया। लेकिन बाद में उन पर करोड़ों की ठगी का आरोप लगा।
इसके बाद अनुराधा और दीपक अलग हो गए। साल 2013 में वे राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल के संपर्क में आईं। आनंदपाल के 2017 में एनकाउंटर में मारे जाने के बाद, अनुराधा की नजदीकियां हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी से बढ़ीं।
कौन है काला जठेड़ी?
संदीप उर्फ काला जठेड़ी हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव जठेड़ी का रहने वाला है। वह आईटीआई का छात्र था, लेकिन बाद में अपराध की दुनिया में आ गया। मई 2021 में दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में उसका नाम प्रमुखता से सामने आया।
काला जठेड़ी के खिलाफ एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या की कोशिश, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत दर्जनों मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद है।












Click it and Unblock the Notifications