गंगाराम अस्पताल में चमत्कार: ट्रेन हादसे में शख्स ने गंवा दिए दोनों हाथ, डॉक्टरों ने सर्जरी कर दिया नया जीवन
दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल ने अनोखा कारनामा किया है। इस अस्पताल में दिल्ली का पहला सफल हैंड ट्रांसप्लांट किया गया है। इसे मेडिकल की दुनिया में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सर गंगा राम अस्पताल ने 45 वर्षीय राजकुमार के दोनों हाथों का प्रत्यारोपण कर उसे नई जिंदगी दी है। राजकुमार ने एक ट्रेन हादसे में अपना दोनों हाथ खो दिया था। अब अस्पताल के प्रयास से उसे दोनों हाथ वापस मिल गए हैं।

सर गंगा राम अस्पताल में 11 डॉक्टरों की एक टीम ने इस ऑपरेशन को सफलता पूर्वक अंजाम दिया। पेशे से पेंटर राजकुमार ने साल 2020 में एक ट्रेन दुर्घटना में अपने दोनों हाथ खो दिए थे। इसके बाद उसका रोजगार छिन गया और उसकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई।
राजकुमार बुरी तरह से लाचार हो गया था और उसने बेहतर जीवन जीने की सारी उम्मीदें खो दी थी। ऐसे वक्त में धरती पर भगवान का रूप माने जाने वाले डॉक्टरों ने राजकुमार को एक नया जीवन दिया। सफलता पूर्वक हैंड ट्रांसप्लांट के बाद अब राजकुमार एक बार फिर से ब्रश थामते हुए पेंटिंग के सपनों को साकार कर सकेगा।
आपको बता दें कि साल 2023 में सर गंगा राम अस्पताल को हाथ ट्रांसप्लांट करने की परमीशन मिली थी। इसके बाद अस्तपाल ने राजकुमार के लिए नए हाथों की तलाश करनी शुरू कर दी। इसी प्रयास में राजकुमार और अस्पताल को बड़ी सफलता मिली।
दिल्ली की ही रहने वाली एक प्रतिष्ठित स्कूल की एडमिनिस्ट्रेटिव हेड मीना मेहता का ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया था। मीना ने जिंदा रहते हुए अपने अंगों को दान करने की घोषणा की थी और अपने अंगों को किसी दूसरे के लिए इस्तेमाल की इजाजत दी थी।
मीना की किडनी, लीवर और कॉर्निया ने तीन लोगों का जीवन बदल दिया है, और उसके हाथ ने एक पेंटर की किस्मत बदल दी है। इसके बाद सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित की गई महिला के अंग का इस्तेमाल करते हुए बाइलेटरल हैंड ट्रांसप्लांट को सफलता पूर्वक अंजाम दिया।
ये अत्यधिक जटिल सर्जरी 12 घंटे तक चली। इस दौरान हड्डियों, धमनियों, नसों, मांसपेशियों और त्वचा सहित विभिन्न घटकों को नाजुक ढंग से फिर से जोड़ा गया। बिना किसी इन्फेक्शन के अब राजकुमार रिकवर हो गए हैं। देशभर के लोग दिल्ली के डॉक्टरों के टीम को बधाई दे रहे हैं। एक्स पर लोगों ने इसे एक चमत्कार बताया है।












Click it and Unblock the Notifications