'PM मोदी ने अशोक गहलोत को 27 हजार करोड़ दिए थे लेकिन...', गजेंद्र शेखावत ने चुनाव के पहले ये क्या बम फोड़ दिया
Gajendra Shekhawat News: लोकसभा चुनाव-2024 के पहले जोधपुर लोकसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत पर बड़ा आरोप लगाया है।

गजेंद्र सिंह शेखावत जिस इलाके से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, वहां का एक गांव रिदमलसर है, जहां की बंजर जमीन में पानी को सोने की तरह समझा जाता है।
इसी बात को लेकर कांग्रेस पर प्रहार करते हुए गजेंद्र शेखावत ने कहा, ''केंद्र की मोदी सरकार ने जल कनेक्शन के लिए 27,000 करोड़ रुपये दिए थे। लेकिन अशोक गहलोत ने ऐसा नहीं होने दिया। उन्होंने हर घर जल योजना का यहां काम ही नहीं होने दिया।
अशोक गहलोत के खिलाफ बिना किसी रोक-टोक के आरोप लगाते हुए गजेंद्र शेखावत ने कहा कि, मोदी सरकार की हर घर जल योजना को अशोक गहलोत की सरकार ने अवरुद्ध की...ये उनकी 'राजनीतिक मंशा' थी।

गजेंद्र शेखावत बोले, '4 साल में राजस्थान को 27,000 करोड़ रुपये दिे गए...'
न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में गजेंद्र शेखावत से जब पूछा गया कि, आपने ये आरोप किस आधार पर लगाया है कि केंद्र ने फंड दिया लेकिन अशोक गहलोत ने राजनीतिक कारणों से उसका इस्तेमाल नहीं किया?

इसपर गजेंद्र शेखावत ने कहा, ''उन्होंने (अशोक गहलोत) राजनीतिक मंशा से जल जीवन मिशन में देरी की। हमने चार साल में राजस्थान को लगभग 27,000 करोड़ रुपये दिए, जो देश में सबसे ज्यादा है और एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत कीं।''
'गहलोत ने रेगिस्तान की प्यास बुझाने के बजाय राजनीति को प्राथमिकता दी'
गजेंद्र शेखावत ने आगे कहा, 'एक कनेक्शन देने का औसत खर्च 1 लाख रुपये है - जो राजस्थान में राष्ट्रीय औसत का पांच गुना है। मेरे निर्वाचन क्षेत्र जोधपुर और आसपास के रेगिस्तानी इलाकों जैसे बाड़मेर, जैसलमेर में, प्रत्येक कनेक्शन की लागत 2 लाख रुपये है। जैसलमेर में प्रत्येक कनेक्शन की कीमत 2 लाख रुपये है। फिर भी, केंद्र ने यहां उन कनेक्शनों के लिए विशेष मंजूरी दे दी। लेकिन गहलोत ने रेगिस्तान की प्यास बुझाने के बजाय अपने राजनीतिक इरादे को प्राथमिकता देने का फैसला किया।'
गजेंद्र शेखावत इस बार जोधपुर से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में गजेंद्र शेखावत ने अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को हराया था।












Click it and Unblock the Notifications