G20 Meet: राष्ट्रपति के डिनर में देश के किस-किस नेता को मिला न्योता?
President G20 Dinner: G20 की बैठक के लिए राजधानी दिल्ली सजकर तैयार हो गई है। इसके तहत शनिवार रात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से एक भव्य डिनर आयोजित किया जाएगा, जिसमें G20 के सभी राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे। हालांकि इस डिनर को लेकर कई दिनों से विवाद जारी है। अब इसने और ज्यादा तूल पकड़ लिया।
दरअसल इस डिनर पार्टी के लिए राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जो कार्ड छपवाया गया, उसमें President Of India की जगह President Of Bharat लिखा गया था। ऐसे में ये चर्चा शुरू हो गई कि मोदी सरकार इंडिया की जगह आधिकारिक नाम भारत करेगी। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक इस बारे में कुछ भी नहीं कहा गया है।

वहीं गुरुवार सुबह खबर आई कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इस रात्रिभोज के लिए निमंत्रण नहीं दिया गया है। कांग्रेस ने इस पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष होने के साथ ही राज्यसभा में विपक्ष के नेता भी हैं, ऐसे में उनको निमंत्रण नहीं देकर मोदी सरकार राजनीति कर रही।
केंद्र सरकार ने डिनर के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा को न्योता भेजा है। हालांकि अभी तक दोनों के कार्यालय ने ये पुष्टि नहीं की है कि वो आएंगे या नहीं। इस रात्रि भोज में कुल 500 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इन दोनों के अलावा केंद्र ने बिहार सीएम नीतीश कुमार, बंगाल सीएम ममता बनर्जी, तमिलनाडु सीएम स्टालिन आदि को भी बुलाया है। उम्मीद जताई जा रही कि ये सभी राष्ट्रपति के डिनर में शामिल होंगे। वहीं चर्चा ये भी है कि नीतीश कुमार इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। बीजेपी-जेडीयू गठबंधन टूटने के बाद ये पहला मौका होगा, जब दोनों नेताओं में मुलाकात होगी।
वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी इस डिनर में शामिल हो सकते हैं। केंद्र की ओर से उनको न्योता दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक विपक्षी दलों के कुछ मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम से नदारद रह सकते हैं।
उद्योगपतियों को भी न्योता
G20 के डिनर प्रोग्राम में केंद्र सरकार ने कई दिग्गज उद्योगपतियों को भी निमंत्रण भेजा है। इसमें मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, टाटा संस के एन चंद्रशेखरन, बिरला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला और भारती एयरटेल के संस्थापक-अध्यक्ष सुनील भारती आदि का नाम शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications